राज्य शासन द्वारा किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ अन्य लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका असर अब किसानों के खेतों में नजर आने लगा है। किसान अदरक, मिर्च, टमाटर, धनिया, अरहर जैसी नगदी और उद्यानिकी फसलों की खेती कर कम जमीन में भी अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। सरगुजा जिले के ग्राम दरिमा निवासी किसान संतोष कुमार सिंह इसी बदलाव की एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं।
किसान संतोष कुमार सिंह ने पिछले वर्ष करीब पौन एकड़ जमीन में अदरक की खेती की थी। बेहतर उत्पादन और बाजार में अच्छे दाम मिलने से उन्हें लगभग साढ़े चार लाख रुपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। अदरक का बाजार भाव करीब 150 रुपए प्रति किलोग्राम तक मिलने से उनकी आय उम्मीद से कहीं बेहतर रही।
कृषक उन्नति योजना से मिल रहा आर्थिक सहयोग
किसान संतोष सिंह ने बताया कि राज्य शासन द्वारा किसानों को लाभकारी फसलों की ओर बढ़ाने के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक का अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने में आर्थिक मदद मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि योजनाओं के प्रोत्साहन से किसान अब पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों की ओर बढ़ रहे हैं।
धान की तुलना में अदरक की खेती बनी ज्यादा फायदेमंद
संतोष कुमार सिंह ने बताया कि धान की खेती की अपेक्षा अदरक की फसल उनके लिए अधिक लाभकारी साबित हुई। पिछले साल उन्हें करीब 30 से 35 क्विंटल अदरक का उत्पादन मिला। सीमित भूमि में बेहतर कमाई होने से उनका खेती के प्रति विश्वास और उत्साह बढ़ा। इसी सफलता को देखते हुए उन्होंने इस वर्ष अदरक की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाकर करीब एक एकड़ कर दिया है।
बाजार में मिला बेहतर भाव, बढ़ा खेती पर भरोसा
संतोष सिंह ने बताया कि अदरक की बिक्री में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। अच्छी गुणवत्ता वाली उपज का बाजार में उचित मूल्य मिलने से उन्हें मेहनत का बेहतर परिणाम मिला। उन्होंने कहा कि किसान यदि वैज्ञानिक तकनीक, बाजार की मांग और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखकर खेती करें तो कम भूमि में भी नगदी फसलों से अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है।
आधुनिक खेती से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे किसान
उन्होंने कहा कि बाजार की मांग के अनुसार नगदी और उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान कम जमीन में भी बेहतर आमदनी हासिल कर सकते हैं। शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ लेकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।
संतोष सिंह की सफलता बनी प्रेरणा
किसान संतोष कुमार सिंह की सफलता यह साबित करती है कि फसल विविधीकरण, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उनकी कहानी अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण पेश करती है।