Google Pixel 11 Series लॉन्च, Tensor G6 और Gemini AI के साथ मिले दमदार फीचर्स
Google ने भारत में Pixel 11 Series के चार नए स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। सीरीज में Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल हैं। नए फोन Tensor G6 चिप, Gemini AI और कई नए कैमरा फीचर्स के साथ आए हैं। भारत में कीमत 89,999 रुपए से शुरू होती है और बिक्री 20 अगस्त से होगी।
क
कीर्तिमान रिपोर्ट यशोदा साहू
18 Aug 2026, 12:14 PM
गैजेट डेस्क
Google ने भारत में अपनी नई Pixel 11 Series लॉन्च कर दी है। इस सीरीज में कंपनी ने Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold को पेश किया है। इस बार Google ने कैमरा और डिजाइन के साथ-साथ AI को भी प्रमुखता दी है। कंपनी का दावा है कि नए फोन यूजर के निर्देश का इंतजार करने के बजाय उसके काम और जरूरत को समझकर मदद करने में सक्षम होंगे। Google ने नए स्मार्टफोन्स में Tensor G6 चिप का इस्तेमाल किया है, जिसके साथ Gemini का नया Nano मॉडल काम करता है। कंपनी के मुताबिक हार्डवेयर और AI को एक साथ विकसित किया गया है, ताकि रोजमर्रा के कई काम कम टैप और कम मेहनत में पूरे किए जा सकें।
Pixel 11 Series की कीमत और फीचर्स
भारत में Pixel 11 की शुरुआती कीमत 89,999 रुपए रखी गई है। वहीं Pixel 11 Pro की कीमत 1,19,999 रुपए, Pixel 11 Pro XL की 1,34,999 रुपए और Pixel 11 Pro Fold की शुरुआती कीमत 1,86,999 रुपए है। चारों फोन के लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं, जबकि बिक्री 20 अगस्त से शुरू होगी। Pixel 11 में 6.3 इंच का डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz तक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन में 12GB RAM के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज विकल्प मिलते हैं। कैमरा सेटअप में 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा शामिल है। Google के अनुसार, नया कैमरा पिछली पीढ़ी की तुलना में 56 फीसदी ज्यादा रोशनी कैप्चर कर सकता है। इसमें 30x तक Super Resolution Zoom और Night Sight जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि फोन 30 घंटे से ज्यादा का बैकअप दे सकता है। 30W या उससे अधिक क्षमता वाले चार्जर से करीब 30 मिनट में बैटरी 55 फीसदी तक चार्ज होने की बात कही गई है। फोन के कैमरा बार को भी पहले से पतला बनाया गया है और यह पिछली पीढ़ी की तुलना में 40 फीसदी से ज्यादा पतला है।
Google Pixel 11 फोनPixel 11 Pro और Pro XL में ज्यादा प्रीमियम फीचर्स
Pixel 11 Pro में 6.3 इंच और Pixel 11 Pro XL में 6.8 इंच का Super Actua डिस्प्ले मिलता है। दोनों फोन 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करते हैं। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Google ने नई एंटी-स्क्रैच लेयर दी है। कंपनी के मुताबिक यह पिछली पीढ़ी के मुकाबले दोगुनी बेहतर स्क्रैच प्रोटेक्शन देती है। फोटोग्राफी के लिए दोनों Pro मॉडल में 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा, 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा और 48 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। टेलीफोटो कैमरा 5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है, जबकि Pro Zoom के जरिए 120x तक जूम किया जा सकता है। दोनों मॉडल में 30 घंटे से ज्यादा की बैटरी लाइफ का दावा किया गया है। Pixel 11 Pro करीब 30 मिनट में 55 फीसदी और Pro XL 75 फीसदी तक चार्ज हो सकता है। इसके लिए अलग से उपयुक्त क्षमता वाला चार्जर लेना होगा।
AI पर Google का बड़ा फोकस
Pixel 11 Series में सबसे ज्यादा बदलाव AI फीचर्स के स्तर पर देखने को मिलते हैं। Tensor G6 चिप के साथ Gemini को फोन के कई हिस्सों में पहले से ज्यादा गहराई से जोड़ा गया है। कंपनी का उद्देश्य फोन को ऐसा बनाना है जो सिर्फ कमांड पर काम करने के बजाय यूजर की गतिविधियों और जरूरत को समझकर मदद कर सके। नई सीरीज में HiLight नाम का फीचर दिया गया है। यह कैमरा फ्लैश के आसपास मौजूद लाइट का इस्तेमाल कर जरूरी जानकारी दिखाने में मदद करता है। उदाहरण के लिए, किसी पसंदीदा कॉन्टैक्ट से कॉल आने पर अलग तरह की लाइट दिखाई जा सकती है। Gemini के साथ हैंड्स-फ्री बातचीत के दौरान भी इस फीचर का इस्तेमाल किया जा सकता है। Google ने वॉयस से लिखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Rambler फीचर पेश किया है। यह बातचीत के अंदाज में बोली गई बात को समझकर उसे ज्यादा साफ और व्यवस्थित तरीके से लिखने की कोशिश करता है। बोलते समय इस्तेमाल होने वाले 'उम' और 'आह' जैसे अनावश्यक शब्दों को हटाने में भी यह मदद कर सकता है।
Magic Capture कैमरे में पहचानेगा खास पल
कैमरा ऐप में Magic Capture भी नया फीचर है। यह वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान सैकड़ों फ्रेम का रियल टाइम में विश्लेषण कर खास पलों को पहचानने और उन्हें बेहतर बनाने की कोशिश करता है। इसके अलावा Camera Looks के जरिए यूजर तस्वीरों का लुक अपनी पसंद के अनुसार बदल सकता है। इसमें Natural, Shadows और Vanilla जैसे विकल्प मिलते हैं। इसका उद्देश्य फोटो क्लिक करते समय ही पसंदीदा लुक हासिल करना है, ताकि बाद में एडिटिंग की जरूरत कम पड़े। Pixel 11 Pro मॉडल में Google ने Creator Suite भी दिया है। इसमें टेलीप्रॉम्प्टर, स्टोरीबोर्ड एडिटिंग और कंटेंट क्रिएशन से जुड़े कैमरा कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हैं। इससे साफ है कि कंपनी नई Pixel सीरीज के जरिए सामान्य यूजर्स के साथ-साथ कंटेंट क्रिएटर्स को भी ध्यान में रख रही है।