Haldiram IPO: देश की जानी-मानी स्नैक्स और फूड कंपनी हल्दीराम (Haldiram) अब शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के मुताबिक, हल्दीराम वर्ष 2027 में IPO के जरिए करीब 1 अरब डॉलर (लगभग 8,500 करोड़ रुपए) जुटाना चाहती है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, EY हल्दीराम को IPO से जुड़ी औपचारिकताओं, नियामकीय नियमों के अनुपालन और कंपनी के अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद करेगी।
कई बड़े विदेशी निवेशक खरीद चुके हैं हिस्सेदारी
सिंगापुर की टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल, UAE की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी और अमेरिकी निवेशक एल कैटरटन जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन निवेशकों ने मिलकर हल्दीराम स्नैक्स फूड में करीब 15 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद कंपनी के संस्थापक-प्रमोटर अग्रवाल परिवार के पास लगभग 85 फीसदी हिस्सेदारी रह गई थी।
पैकेज्ड स्नैक्स बाजार में बढ़ती मांग से निवेशकों की दिलचस्पी
हल्दीराम में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी की प्रमुख वजह भारत में पैकेज्ड स्नैक्स की लगातार बढ़ती मांग है। इसके अलावा कंपनी के पास अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार बढ़ाने की भी अच्छी संभावनाएं हैं। भारतीय स्नैक्स और रेडी-टू-ईट फूड की विदेशों में बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कंपनी के विस्तार की संभावनाओं पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।वित्त वर्ष 2026 में 9-10 फीसदी राजस्व वृद्धि का अनुमान
क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हल्दीराम स्नैक्स फूड ने वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में 7,762 करोड़ रुपए का राजस्व दर्ज किया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन करीब 19 फीसदी रहा। हालांकि, कारोबार के एकीकरण के शुरुआती दौर में आई चुनौतियों और अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ के कारण निर्यात पर पड़े असर ने कंपनी की ग्रोथ को कुछ हद तक प्रभावित किया है।
नए प्रोडक्ट और एक्सपोर्ट से कारोबार बढ़ाने की योजना
कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का विस्तार, निर्यात में बढ़ोतरी और नए उत्पादों की लॉन्चिंग से कारोबार को नई गति मिलेगी। घरेलू बाजार में मजबूत पकड़ के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करना भी कंपनी की रणनीति का अहम हिस्सा है।IPO के बाद निवेशकों की नजर में होगा हल्दीराम का शेयर
अगर हल्दीराम की IPO योजना तय समय के अनुसार आगे बढ़ती है, तो कंपनी 2027 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है। करीब 1 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य इसे देश के बड़े कंज्यूमर ब्रांड्स के संभावित IPO में शामिल करता है। अब निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी किस वैल्यूएशन पर बाजार में उतरती है और IPO के लिए क्या शर्तें तय करती है।












