राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह आमानाका ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा दुर्ग की ओर से रविशंकर विश्वविद्यालय की दिशा में जाने वाले फ्लाईओवर के ढलान पर हुआ। कार की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि कई दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के बाद कार चला रही महिला वाहन समेत मौके से फरार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि CG-04-PX-8883 नंबर की कार तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सकी और कार वहां मौजूद लोगों व दोपहिया वाहनों से टकरा गई।
नंबर प्लेट से मिली अहम जानकारी
अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। टक्कर के दौरान कार की नंबर प्लेट सड़क पर गिर गई, जिससे पुलिस को वाहन की पहचान करने में मदद मिली। शुरुआती जांच के आधार पर वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस घायलों की संख्या, उनकी स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।