होमगार्ड और वन विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए लेने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने कृष्ण कुमार वैष्णव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में कुल 8.95 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अब पैसों के लेनदेन, दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। ग्राम मावलीगुडा निवासी 27 वर्षीय नीलबती कश्यप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में होमगार्ड सैनिकों की भर्ती निकली थी। वह शारीरिक परीक्षण के लिए हाटकचोरा स्थित होमगार्ड कार्यालय पहुंची थी, लेकिन ऊंचाई कम होने के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गई। इसी दौरान उसकी मुलाकात आड़ावाल निवासी कृष्ण कुमार वैष्णव से हुई।
डेढ़ लाख में नौकरी लगवाने का आरोप
आरोप है कि कृष्ण कुमार ने होमगार्ड और वन विभाग के बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया। उसने नीलबती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसके बाद नौकरी के बदले रुपए की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक होमगार्ड में नौकरी लगवाने के लिए शुरुआत में दो लाख रुपए मांगे गए थे। बातचीत के बाद डेढ़ लाख रुपए में बात तय हुई। नीलबती का आरोप है कि उसने अलग-अलग स्थानों पर कृष्ण कुमार को कुल 1.50 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद उसे खाकी वर्दी का कपड़ा दिया गया और मारडूम में छात्रावास में ड्यूटी मिलने की बात कही गई। नीलबती ने शिकायत में अपने भाई रोहित कुमार कश्यप की सुरक्षा गार्ड के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर भी 78 हजार रुपए देने का आरोप लगाया है। हालांकि, दोनों की नौकरी नहीं लगी।
वन विभाग में नौकरी के नाम पर भी लिए रुपए
मामला केवल होमगार्ड की नौकरी तक सीमित नहीं है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अन्य लोगों से भी वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ली गई। परमेश्वर नेताम से वनरक्षक की नौकरी के लिए 2.05 लाख रुपए लेने का आरोप है। इसी तरह सरिता बघेल से 3.92 लाख रुपए और सोनघर कश्यप से उनके पुत्र को वन विभाग में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 70 हजार रुपए लेने की बात शिकायत में कही गई है। इन सभी मामलों को मिलाकर आरोपी पर कुल 8.95 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक कुछ रकम नकद दी गई, जबकि कुछ भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किए गए। सरिता बघेल की ओर से रुपए देने से जुड़ा वीडियो होने का दावा भी शिकायत में किया गया है।पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
आरोप यह भी है कि नौकरी और प्रशिक्षण का भरोसा दिलाने के लिए कुछ लोगों को वर्दी और दस्तावेज दिए गए थे। नौकरी नहीं मिलने पर संबंधित लोगों ने अपनी रकम वापस मांगी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके बाद कृष्ण कुमार रुपए लौटाने की बात को लगातार टालता रहा और रकम वापस नहीं की। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाते हुए कृष्ण कुमार वैष्णव के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस पैसों के लेनदेन, ऑनलाइन भुगतान, उपलब्ध वीडियो और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।