ICC Women T20 Rankings: महिला एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा आईसीसी रैंकिंग में भी देखने को मिला है। भारतीय स्पिन गेंदबाज श्री चरणी ने टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में अपनी नंबर-1 पोजिशन को और मजबूत कर लिया है। खास बात यह है कि वह आईसीसी महिला रैंकिंग में सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट हासिल करने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
श्री चरणी ने इस मामले में भारतीय महिला क्रिकेट की पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया है। मिताली राज ने साल 2011 में बल्लेबाजी रैंकिंग में 780 रेटिंग प्वाइंट हासिल किए थे। वहीं, श्री चरणी अब 800 से ज्यादा रेटिंग प्वाइंट हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में श्री चरणी के नाम 804 रेटिंग प्वाइंट दर्ज हैं। इसके साथ ही वह भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
मेगन शूट के रिकॉर्ड पर श्री चरणी की नजर
श्री चरणी के पास अब आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में सबसे ज्यादा रेटिंग प्वाइंट हासिल करने वाली गेंदबाज बनने का मौका है। इस समय यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शूट के नाम है, जिन्होंने साल 2018 में 806 रेटिंग प्वाइंट हासिल किए थे। आगामी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के साथ श्री चरणी इस रिकॉर्ड को तोड़ सकती हैं। एशियन गेम्स के दौरान उनके पास इस उपलब्धि को हासिल करने का सुनहरा मौका होगा। महिला एशिया कप में श्री चरणी ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। भारत को खिताब जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। बाएं हाथ की इस स्पिन गेंदबाज ने टूर्नामेंट में 5 मैचों में 12 विकेट हासिल किए। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका इकॉनमी रेट भी शानदार रहा और उन्होंने सिर्फ 3.66 की इकॉनमी से रन दिए। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया।दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा की रैंकिंग में भी सुधार
आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी फायदा मिला है। एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद वह चार स्थान ऊपर पहुंचकर अब दूसरे नंबर पर आ गई हैं। दीप्ति ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 14 विकेट अपने नाम किए थे। इसके अलावा तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने भी रैंकिंग में 10 स्थान की छलांग लगाई है और वह 94वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं लेग स्पिनर प्रेमा रावत को 50 स्थान का फायदा हुआ है और वह 96वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में भी भारत को फायदा मिला है। युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर उठकर छठे नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने एशिया कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 236 रन बनाए थे।
