बारिश के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र से ऐसा ही एक दुखद मामला सामने आया है, जहां खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान की बिच्छू के डंक से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भखारा क्षेत्र निवासी बुजुर्ग किसान परदेशी राम अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझा, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौराण नहीं बच सकी जान
स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने किसान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज शुरू किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बिच्छू डंक के बाद क्या करें
यदि किसी व्यक्ति को बिच्छू डंक मार दे, तो घबराने के बजाय सबसे पहले प्रभावित स्थान को साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। दर्द और सूजन कम करने के लिए बर्फ या ठंडी सिकाई की जा सकती है। यदि डंक त्वचा में फंसा हो तो सावधानीपूर्वक चिमटी की मदद से निकालें। वहीं यदि पीड़ित को सांस लेने में दिक्कत, तेज धड़कन, अत्यधिक दर्द, चक्कर या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो बिना देर किए नजदीकी अस्पताल या आपातकालीन चिकित्सा केंद्र पहुंचकर इलाज कराना चाहिए।
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के मौसम में बिच्छू, सांप और अन्य जहरीले जीव अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। ऐसे में खेतों, बगीचों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है। जूते पहनकर काम करना और हाथ लगाने से पहले आसपास की जगह की जांच करना जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।