India vs Japan T20: भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में जापान के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मैच की घोषणा कर दी है। दोनों देशों के पुरुष क्रिकेट टीमों के बीच यह मुकाबला 22 सितंबर 2026 को जापान में खेला जाएगा। यह मैच भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के समारोह की शुरुआत के तौर पर आयोजित किया जा रहा है। मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है और इसका आयोजन तोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा। भारत-जापान क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार होगा, जब दोनों देशों की पुरुष टीमें किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने उतरेंगी। जापान के लिए भी यह मैच खास है, क्योंकि देश में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने और पूर्वी एशिया में इस खेल की पहुंच बढ़ाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
‘स्पोर्ट 75’ पहल का होगा आगाज
बीसीसीआई के मुताबिक, भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल की शुरुआत करेगा। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना और खिलाड़ियों के साथ-साथ लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करना है। इस पहल के जरिए भारत और जापान के बीच खेलों के माध्यम से साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की महत्वाकांक्षा को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है। जापान में इस मुकाबले के आयोजन की एक और खास वजह है। जापान एशियन गेम्स 2026 की मेजबानी कर रहा है। भारत की टीम भी एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जापान जाएगी। ऐसे में भारत-जापान टी20 मुकाबला एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया के अभियान का हिस्सा होगा।टी20 इंटरनेशनल में जापान का रिकॉर्ड
जापान आईसीसी का एसोसिएट सदस्य है और उसने 2022 में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। अब तक जापानी टीम ने 61 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उसे 41 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 18 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारियों में से एक का रिकॉर्ड भी जापान के खिलाड़ियों के नाम है। केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग और लाचलान यामामोटो-लेक ने 258 रन की साझेदारी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, जापान ने अभी तक किसी आईसीसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। ऐसे में भारत के खिलाफ मुकाबला उसके क्रिकेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय मैच भी माना जा रहा है।
BCCI सचिव ने बताया खास मौका
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारत-जापान मुकाबले को क्रिकेट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस मैच से भारतीय क्रिकेट को एक नए क्षेत्र में पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। सैकिया के मुताबिक, भारतीय टीम का जापान में खेलना पूर्वी एशिया में क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने में मदद कर सकता है। साथ ही, भारत और जापान के बीच खेल के माध्यम से सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

