जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने गुरुवार को कोतवाली जांजगीर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में आयोजित परेड से हुई, जहां एसपी ने पुलिस स्टाफ की कार्यकुशलता, अनुशासन और तैयारियों का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने की समस्त कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था की बारीकियों को परखा और रिकॉर्ड के रखरखाव में पारदर्शिता एवं नियमित अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपराधियों की गतिविधियों पर पूछताछ
एसपी पाण्डेय ने थाना स्टाफ से गुंडा एवं बदमाशों की गतिविधियों को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों की स्थिति पर सवाल पूछते हुए कार्यप्रणाली की जांच की। संतोषजनक उत्तर देने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी एफआईआर, विवेचना और चालान की ऑनलाइन एंट्री समय पर की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सीसीटीएनएस में पेंडेंसी नहीं रहनी चाहिए, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।जनहित और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर
एसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास ही कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि फरियादियों के साथ मित्रवत एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। महिला एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अपराध विवेचना की समीक्षा करते हुए एसपी ने विवेचकों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा गंभीर मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के अंत में एसपी ने अवैध शराब और गांजा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने, बदमाशों पर सतत नजर रखने और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग से ही आम जनता का भरोसा मजबूत होता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।