Sunday, 15 Nov 2026 भारत
ब्रेकिंग
Kangana Ranaut FIR: गांधी परिवार पर आपत्तिजनक पोस्ट से गरमाई सियासत, कंगना पर FIR Liquor Scam: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर ED का बड़ा एक्शन, कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉट कब्जे में लिए Crime News: बॉम्बे मार्केट के पास हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, जोरापारा में चाकू लहराकर आतंक फैलाने वाला बदमाश भी धराया Ganja Smuggling: NH-53 पर पकड़ा गया 8 किलो से ज्यादा गांजा, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार Drug Smuggling: नशीली सिरप और टैबलेट्स की तस्करी करते 5 गिरफ्तार, 5.78 लाख का माल जब्त Kangana Ranaut FIR: गांधी परिवार पर आपत्तिजनक पोस्ट से गरमाई सियासत, कंगना पर FIR Liquor Scam: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल पर ED का बड़ा एक्शन, कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉट कब्जे में लिए Crime News: बॉम्बे मार्केट के पास हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, जोरापारा में चाकू लहराकर आतंक फैलाने वाला बदमाश भी धराया Ganja Smuggling: NH-53 पर पकड़ा गया 8 किलो से ज्यादा गांजा, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार Drug Smuggling: नशीली सिरप और टैबलेट्स की तस्करी करते 5 गिरफ्तार, 5.78 लाख का माल जब्त
W 𝕏 f
होम › विदेश › Israel Nuclear Weapons: परदे के पीछे का परमाणु सच…
Report emerges regarding 90 nuclear warheads (Image Source: social media)
Report emerges regarding 90 nuclear warheads (Image Source: social media)
विदेश

Israel Nuclear Weapons: परदे के पीछे का परमाणु सच, आखिर क्यों इजरायल के एटमी हथियारों पर आंखें मूंद लेता है अमेरिका?

Israel Nuclear Weapons: बुलेटिन ऑफ द एटॉमिक साइंटिस्ट्स से जुड़ी विशेषज्ञों की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के पास करीब 90 परमाणु हथियार होने का अनुमान है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2021 के बाद से इनकी संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, इजरायल अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक तौर पर न पुष्टि करता है और न ही इनकार। ऐसे में अमेरिका की दशकों पुरानी चुप्पी और इजरायल की परमाणु अस्पष्टता की नीति एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में है।

अप्पू धीवर |  कीर्तिमान न्यूज
प्रकाशित: 15 Nov 2026, 10:01 AM · 7 मिनट पढ़ने का समय
तेल अवीव
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Israel Nuclear Weapons: दुनिया भर में हथियारों और परमाणु गतिविधियों पर नजर रखने वाली संस्था ‘बुलेटिन ऑफ द एटॉमिक साइंटिस्ट्स’ की एक ताज़ा रिपोर्ट ने फिर से उस सवाल को हवा दे दी है, जिस पर महाशक्तियां अक्सर बात करने से कतराती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के पास इस समय करीब 90 परमाणु हथियार मौजूद हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि साल 2021 के बाद से उसके परमाणु वॉरहेड्स की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। लेकिन, मामला सिर्फ संख्या का नहीं है। 
सैटेलाइट से मिली तस्वीरें, खुफिया रिपोर्ट्स और जानकारों का आकलन बताता है कि इजरायल इन एटमी हथियारों को लॉन्च करने के लिए नए कैरियर सिस्टम्स—जैसे अत्याधुनिक फाइटर जेट्स और पनडुब्बियों—को तैयार करने में जुटा है। अब सबसे बड़ा और चुभने वाला सवाल यह है कि जिस अमेरिका ने ईरान पर सिर्फ परमाणु हथियार बनाने के शक में ही हमले करवा दिए और कड़े प्रतिबंधों से उसकी पूरी अर्थव्यवस्था को लगभग रसातल में पहुंचा दिया, वही अमेरिका इजरायल के मामले में इतनी गहरी चुप्पी क्यों साधे रहता है?

परमाणु अस्पष्टता' और वो पुराना इतिहास 

इजरायल के परमाणु हथियारों को लेकर यह ताजा रिपोर्ट 'फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स' के 'न्यूक्लियर इंफॉर्मेशन प्रोजेक्ट' की टीम ने तैयार की है। इस रिसर्च टीम में प्रोजेक्ट डायरेक्टर हंस एम. क्रिस्टेंसन, एसोसिएट डायरेक्टर मैट कोर्डा और रिसर्च एंड प्रोजेक्ट मैनेजर मैकेंजी नाइट-बॉयल शामिल हैं। रिपोर्ट में इस बात पर भी रोशनी डाली गई है कि इजरायल के परमाणु कार्यक्रमों की टोह लेना दुनिया भर की खुफिया एजेंसियों के लिए हमेशा से लोहे के चने चबाने जैसा रहा है। इजरायल न तो कभी अपने पास परमाणु हथियार होने की बात कबूल करता है और न ही कभी सिरे से इनकार करता है। 
पश्चिमी देशों की आधिकारिक रिपोर्टों में भी इजरायल का नाम आमतौर पर गायब ही रहता है। दुनिया को पहली बार साल 1986 में इस राज से थोड़ा पर्दा उठा था, जब इजरायल के पूर्व न्यूक्लियर साइंटिस्ट मोर्दचाई वानुन्नू ने 'संडे टाइम्स' को एक इंटरव्यू दे दिया था। इसके बाद जो हुआ, वह किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था—इजरायली खुफिया एजेंसी ने उन्हें विदेश से अगवा कर लिया और उन्हें पूरे 18 साल तक जेल की सलाखों के पीछे गुजारने पड़े।

क्या वाकई इजरायल के पास बम हैं? नेताओं के गोलमोल जवाब 

1960 के दशक से ही इजरायल की हर सरकार ने 'परमाणु अस्पष्टता' (Nuclear Ambiguity) की नीति को अपनी ढाल बनाया है। साल 2011 में तत्कालीन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया था कि इजरायल मिडिल ईस्ट में परमाणु हथियार रखने वाला पहला देश नहीं होगा। लेकिन इसके उलट, कई मौकों पर इजरायली दिग्गजों ने इशारों-इशारों में यह जरूर जता दिया कि जरूरत पड़ने पर वे पलक झपकते ही इन्हें तैयार कर सकते हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि परमाणु हथियार कोई ऐसी चीज नहीं है जो 'फौरन' तैयार हो जाए।

इस खेल की बानगी इतिहास के पन्नों में भी दर्ज है:

  • 1974: इजरायल के पूर्व राष्ट्रपति एफ्राइम कात्ज़िर ने अपने पद से हटने के कई साल बाद एक इंटरव्यू में कहा था, "इजरायल परमाणु हथियार रखने का इरादा रखता है और अब वह क्षमता हमारे पास आ चुकी है।"

  • 1981: तत्कालीन रक्षा मंत्री मोशे दयान ने बयान दिया था, "हमारे पास अभी कोई पक्का परमाणु बम नहीं है, लेकिन हमारे पास ऐसी क्षमता है कि हम बेहद कम समय में इसे बना सकते हैं।"

  • 2003: बीबीसी ने जब पूर्व प्रधानमंत्री शिमोन पेरेस से सीधा सवाल किया कि क्या यह 'अस्पष्टता' दुनिया को धोखा देने का जरिया भर है? तो उन्होंने साफगोई से कहा था, "यदि कोई आपकी जान लेना चाहता है और आप अपनी जान बचाने के लिए धोखे का सहारा लेते हैं, तो इसमें कुछ भी अनैतिक नहीं है। अगर हमारे दुश्मन न होते, तो हमें कभी धोखे की जरूरत ही नहीं पड़ती।"

    जब अमेरिका ने खुद इजरायल के परमाणु राज पर परदा डाला

ऐतिहासिक दस्तावेज बताते हैं कि अमेरिका ने हमेशा से इजरायल के परमाणु कार्यक्रम को छुपाने में परदे का काम किया है। अमेरिकी प्रशासन लंबे समय तक यही कहता रहा कि उसे इजरायल के 'नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर' के बारे में एक दशक तक कोई भनक ही नहीं लगी थी, जबकि उस इमारत का निर्माण कार्य 1958 में ही शुरू हो चुका था।

इजरायल ने अमेरिका को भरोसा दिलाया था कि यह आम लोगों के लिए बनाई जा रही एक साधारण टेक्सटाइल (कपड़ा) फैक्ट्री है। लेकिन साल 1991 में खोजी पत्रकार सेमौर हर्श की चर्चित किताब 'द सैमसन ऑप्शन' ने इस बड़े धोखे की पोल खोल दी।

किताब के मुताबिक, इजरायल ने डिमोना में एक और नकली सेंटर खड़ा कर रखा था, जहां दिखावे के लिए फर्जी कंट्रोल पैनल, कंट्रोल रूम और कंप्यूटर डिवाइस लगाए गए थे, ताकि बाहर से थर्मल आउटपुट भी बिल्कुल चालू हालत में लगें। यहां तक कि 1960 के दशक में जब इजरायल ने अमेरिका से 50 'F-4 फैंटम' एयरक्राफ्ट खरीदे थे, तब भी वाशिंगटन ने इस कन्फ्यूजन को बनाए रखने में पूरा सहयोग किया था। कई एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका ने इस मामले में जानबूझकर अपनी आंखें मूंद रखी थीं।

इसका एक बड़ा उदाहरण 22 सितंबर 1979 की एक घटना है, जब अमेरिका के सर्विलांस सैटेलाइट 'वेला 6911' ने हिंद महासागर के दक्षिणी हिस्से में किसी परमाणु परीक्षण के दौरान होने वाली दोहरी चमक को रिकॉर्ड किया था। तब अमेरिकी अधिकारियों में सुगबुगाहट थी कि शायद इजरायल ने सीक्रेट न्यूक्लियर टेस्ट किया है। लेकिन कूटनीतिक झंझटों और टकराव से बचने के लिए अमेरिकी प्रशासन ने इस पर आगे कोई पूछताछ करना मुनासिब नहीं समझा। आगे चलकर, जब शीत युद्ध खत्म हुआ और इजरायल को लगा कि शायद अमेरिकी समर्थन कम हो सकता है, तो उसने अमेरिकी राष्ट्रपतियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि इस मुद्दे पर हमेशा के लिए चुप्पी साध ली जाए।

क्या अब बदलने वाली है अमेरिका की दशकों पुरानी नीति? 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपतियों को एक गुप्त कार्यकारी आदेश के तहत पाबंद किया गया है कि वे इजरायल के परमाणु हथियारों का खुलकर इजहार न करें। माना जाता है कि इसकी नींव 1969 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और इजरायली सरकार के बीच हुई एक सीक्रेट डील में पड़ी थी। लेकिन अब, बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच सवाल यह उठ रहा है कि क्या वाशिंगटन अपनी इस दशकों पुरानी नीति को बदलने की तैयारी में है? हाल ही में, टेक्सास के सांसद जोकिन कास्त्रो के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक पार्टी के 30 सांसदों ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक तीखा पत्र लिखा है। इस चिट्ठी में मांग की गई है कि इजरायल के परमाणु हथियारों को लेकर चली आ रही इस 'चुप्पी' को अब तोड़ा जाना चाहिए। 

सांसदों ने अपने पत्र में लिखा, "हम एक ऐसे देश के साथ मिलकर कदम बढ़ा रहे हैं, जिसके संभावित परमाणु कार्यक्रम को आधिकारिक तौर पर अमेरिकी सरकारें आज तक स्वीकार ही नहीं करती हैं।" हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्रालय और प्रशासन के तेवर अब भी पुराने ढर्रे पर ही हैं। हाल ही में एक सुनवाई के दौरान मार्को रुबियो ने दो टूक शब्दों में कहा था, "अगर हम बिल्कुल खुलकर बात करें, तो पूरी दुनिया जानती है कि उनके पास परमाणु हथियार हैं। लेकिन उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कभी इसे स्वीकार नहीं किया है और हमारी विदेश नीति की अपनी मजबूरियों के चलते हम भी इस पर सार्वजनिक चर्चा से बचते हैं।" यह साफ है कि कूटनीति के इस पेचीदा खेल में इजरायल की 'अस्पष्टता' और अमेरिका का 'मौन' अभी कुछ और समय तक वैश्विक राजनीति के गलियारों में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना रहेगा।

क्या यह खबर उपयोगी लगी?
शेयर करें अपने दोस्तों तक पहुंचाएं
WhatsApp Telegram
इस लेख में कोई त्रुटि दिखी? सुधार का अनुरोध करें
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें — ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं!
कीर्तिमान
छत्तीसगढ़ ▾
सभी छत्तीसगढ़ ›
रायपुर संभाग ▾
दुर्ग संभाग ▾
बिलासपुर संभाग ▾
सरगुजा संभाग ▾
बस्तर संभाग ▾
देश ▾
विदेश
सरकारी सूचना ▾
राजनीति ▾
खेल ▾
मनोरंजन ▾
कारोबार ▾
कीर्तिमान विशेष ▾
तकनीक शिक्षा सेहत धर्म यात्रा राशिफल डार्क/लाइट मोड डॉ. नीरज गजेंद्र डॉ. नीरज गजेंद्र
वीडियो
अभी कोई वीडियो उपलब्ध नहीं है
अभी कोई रील उपलब्ध नहीं है
टिप्पणियाँ
शेयर करें
Clip & Share

अगली खबर के लिए ऊपर और पिछली खबर के लिए नीचे स्वाइप करें

सावधान: संवेदनशील सामग्री
इस अनुभाग में अपराध, हिंसा, दुर्घटना या अन्य संवेदनशील विषयों से संबंधित समाचार हो सकते हैं। क्या आप इसे देखना चाहते हैं?
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं!
पुश नोटिफिकेशन चालू करें