भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के यूनिवर्सल रेल मिल (URM) विभाग में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक जूनियर इंजीनियर की मौत हो गई। दूसरी पाली में काम कर रहे इंजीनियर अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद प्लांट कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों में नाराजगी देखने को मिली।
बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में कार्यरत थे। वह ड्यूटी के दौरान क्रेन पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें तेज करंट लग गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही बीएसपी के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद यूनियन नेताओं ने प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण काम का दबाव बढ़ रहा है, जिसका असर सुरक्षा पर पड़ रहा है। यूनियन पदाधिकारियों ने मांग की कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा की जाए और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।परिवार ने की नौकरी और मुआवजे की मांग
मृतक इंजीनियर के परिजनों ने उचित मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उनका परिवार हरियाणा में रहता है, इसलिए मानवीय आधार पर एसएआईएल की हरियाणा या आसपास की किसी यूनिट में रोजगार उपलब्ध कराया जाए, जिससे परिवार को सहारा मिल सके। बीएसपी के एचआर संजय द्विवेदी ने घटना को बेहद दुखद बताया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि कंपनी के नियमों के अनुसार मृतक कर्मचारी के परिवार को सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।