Kazi Touqeer: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को लेकर बाजार में हलचल तेज हो गई है, लेकिन इस बार चर्चा किसी विवाद को लेकर नहीं, बल्कि दो पुराने दोस्तों की बॉन्डिंग को लेकर है। साल 2005 के मशहूर सिंगिंग शो 'फेम गुरुकुल' के विनर रहे काजी तौकीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। खबर है कि काजी जल्द ही सलमान खान के इस बहुचर्चित शो में बतौर प्रतियोगी नजर आ सकते हैं। इस खबर ने तब और जोर पकड़ लिया जब देश के मशहूर गायक अरिजीत सिंह का एक बयान सामने आया।
फैंस के लिए सरप्राइज
अरिजीत ने हाल ही में काजी तौकीर को अपना 'जिगरी यार' और असली 'रॉकस्टार' बताते हुए खुलकर उनका समर्थन किया है। अरिजीत ने तो यहां तक कह दिया कि वह इस बार सिर्फ और सिर्फ अपने दोस्त काजी के लिए ही 'बिग बॉस' देखने वाले हैं। संगीत जगत के इतने बड़े नाम का किसी प्रतियोगी के लिए इस तरह खुलकर सामने आना फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला और सुखद सरप्राइज है।
यम्मा-यम्मा गाने से हासिल की थी लोकप्रियता
काजी तौकीर और अरिजीत सिंह का यह रिश्ता कोई नया नहीं है। दोनों की मुलाकात 21 साल पहले 2005 में आए रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' के मंच पर हुई थी। उस वक्त काजी ने अपने खास अंदाज और 'यम्मा यम्मा' जैसे गानों की परफॉर्मेंस से पूरे देश में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी और शो की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसी शो में अरिजीत सिंह भी एक प्रतिभागी के रूप में उनके साथ सफर तय कर रहे थे।काजी की बिग बॉस 20 में शामिल होने की खबर
हालांकि अरिजीत उस वक्त शो नहीं जीत पाए, लेकिन वक्त के साथ वह भारतीय संगीत उद्योग के सबसे बड़े गायक बन गए। वहीं दूसरी ओर, शो खत्म होने के इतने सालों बाद भी दोनों की दोस्ती की मिठास वैसी ही बनी हुई है। अब जब काजी तौकीर के 'बिग बॉस 20' में शामिल होने की खबरें आ रही हैं, तो फैंस का उत्साह चरम पर है। देखना दिलचस्प होगा कि सिंगिंग रियलिटी शो का यह पूर्व विजेता सलमान खान के घर में अपना क्या जादू चला पाता है।

