Kharun River Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खारून नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नदी के एनीकेट को पार करते समय तेज बहाव में बहने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की तलाश के बाद युवक का शव बरामद किया गया। यह घटना रानितराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाटन ब्लॉक के ओदरागहन इलाके की है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
तेज बहाव में बाइक समेत नदी में गिरा युवक
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र कुमार यादव बाइक से खारून नदी के एनीकेट को पार कर रहा था। इस दौरान नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह बाइक समेत नदी में गिर गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद रानितराई थाना पुलिस और एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।डीप डाइवर्स की मदद से मिला शव
रेस्क्यू टीम ने नदी में गहराई तक जाकर तलाश अभियान चलाया। एसडीआरएफ के विशेषज्ञ डीप डाइवर्स की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल रानितराई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
