Ambikapur Murder Case: रसूलपुर इलाके में घर में घुसकर 70 वर्षीय LIC एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात की साजिश रचने वाले मृतक के दामाद नाजिम सबा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी, जिसमें आरोपियों को 10 हजार रुपए एडवांस के तौर पर दिए गए थे। जानकारी के मुताबिक, बशीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से हमला किया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। जांच के दौरान मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नाजिम सबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि नाजिम ने पहले भी मायके पक्ष के लोगों को केस वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसी विवाद और रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।
दामाद ने तैयार की हत्या की पूरी योजना
पुलिस जांच में पता चला कि नाजिम सबा ने अपने ससुर बशीरुद्दीन सिद्दीकी की हत्या के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दी थी। इसके लिए झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर निवासी कंचन कुमार और अन्य लोगों से संपर्क किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अंबिकापुर बुलाकर उनके रहने की व्यवस्था भी नाजिम ने ही की थी। वारदात वाले दिन 16 सितंबर को हत्या की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद कंचन कुमार समेत अन्य आरोपी हथियार लेकर बाइक से बशीरुद्दीन के घर पहुंचे।किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे आरोपी
आरोपी किराए का मकान देखने का बहाना बनाकर घर में दाखिल हुए थे। मौका मिलते ही उन्होंने बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बाइक को घटनास्थल के पास छिपाया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी कंचन कुमार की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक, खून से सने कपड़े और बस टिकट बरामद किया है। मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

