जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला भिलाई का है, जहाँ पुलिस की नाक के नीचे एक अपराधी ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था का मज़ाक उड़ाया, बल्कि सीधे खाकी को चुनौती दे डाली। खतरनाक बाइक स्टंट करने के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस की गाड़ी के अंदर से ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। आरोपी युवराज सोनी नाम का युवक सड़क पर लापरवाही से बाइक दौड़ाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहा था, जिससे राहगीरों की जान आफत में पड़ी हुई थी। युवक के इस जानलेवा स्टंट का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। सुपेला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
शनिवार को पुलिस ने जारी किया था प्रेस नोट
शनिवार शाम को सुपेला पुलिस ने इस मामले में एक प्रेस नोट जारी कर अपनी पीठ थपथपाई थी। पुलिस ने बताया कि सड़क पर खतरनाक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवक युवराज सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। लेकिन पुलिस की इस मुस्तैदी की हवा खुद आरोपी ने कुछ ही घंटों में निकाल दी।
हथकड़ी दिखाते हुए बनाई रील, पुलिस गाड़ी को बनाया स्टूडियो
आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल"
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस इंस्टाग्राम स्टोरी में आरोपी पुलिस महकमे को सीधे चिढ़ाता दिख रहा है। वीडियो में वह मुस्कुराते हुए 'विक्ट्री साइन' (जीत का निशान) बना रहा है। उसने वीडियो के कैप्शन में लिखा— "आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल।" बताया जा रहा है कि पुलिस की कस्टडी में आने के महज 3 घंटे बाद ही उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो अपलोड हो गया था। अब इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।