छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक सांप के काटने के बाद उसी सांप को गले में डालकर बाइक चलाते हुए अस्पताल पहुंचा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला कोयलीबेड़ा ब्लॉक के पखांजूर क्षेत्र का बताया जा रहा है।
रेस्क्यू के दौरान सांप ने काटा
बताया जा रहा है कि हाल ही में एक रेस्क्यू अभियान के दौरान देवजीत को एक सांप ने काट लिया। इसके बाद उन्होंने समय बर्बाद किए बिना अस्पताल जाने का फैसला किया। साथ ही सांप की पहचान कराने के लिए उसे अपने साथ ले गए।
8 साल से कर रहा सांपों का रेस्क्यू
जानकारी के अनुसार, पखांजूर निवासी देवजीत सरकार पिछले करीब 8 वर्षों से सांपों का रेस्क्यू कर रहे हैं। वह इलाके में सांप निकलने की सूचना मिलने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ने का काम करते हैं।जांच में जहरीला नहीं निकला सांप
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने सांप की पहचान की। जांच में सामने आया कि सांप जहरीला नहीं था। समय पर इलाज मिलने के बाद देवजीत की हालत सामान्य है और वह पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
गले में सांप डालकर तय किया 14 किलोमीटर का सफर
देवजीत ने सांप को गले में डालकर बाइक से करीब 14 किलोमीटर की दूरी तय की और अस्पताल पहुंचे। उनका उद्देश्य डॉक्टरों को यह बताना था कि उन्हें किस प्रजाति के सांप ने काटा है, ताकि इलाज में सही दवा और प्रक्रिया अपनाई जा सके।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। लोग युवक की हिम्मत और सूझबूझ की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने के बाद बिना जोखिम उठाए तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए और सांप को पकड़ने या साथ ले जाने से बचना चाहिए।