महाराष्ट्र के परभणी से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है। यहां के मानवत तहसील में स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के ठीक सामने बन रहा बड़ा हॉल यानी सभा मंडप अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में शुरुआती जानकारी के मुताबिक 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। मलबे के नीचे अभी भी करीब 30 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं।
शनिवार का दिन होने की वजह से हनुमान जी के इस मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी थी। लोग पूजा-अर्चना कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते पूरा स्ट्रक्चर ताश के पत्तों की तरह ढह गया और वहां चीख-पुकार मच गई।
निर्माणाधीन था सभा मंडप
घटनास्थल से जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, उन्हें देखकर पता चलता है कि मंदिर का यह सभा मंडप अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ था, यानी इसका निर्माण कार्य चल रहा था। कंस्ट्रक्शन का काम जारी रहने के दौरान ही यह बड़ा ढांचा कमजोर होकर गिर गया। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत आर.पी. अस्पताल और पास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है, लेकिन कुछ लोगों की हालत नाजुक होने के कारण मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घायलों की सटीक संख्या को लेकर अभी प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
राहत और बचाव कार्य तेज
हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल पर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे को हटाने और उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन और जरूरी कटर मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। घायलों को बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर कई एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। स्थानीय लोग भी प्रशासन की मदद में आगे आए हैं।