Mirzapur The Movie: मिर्जापुर’ की चर्चित दुनिया अब OTT से निकलकर बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती टिकट बिक्री ने फिल्म को लेकर दिलचस्प तस्वीर सामने रखी है। खास बात यह है कि कुछ सिनेमाघरों में टिकटों की कीमत सामान्य से काफी ज्यादा रखी गई है।
मिर्जापुर के टिकट प्राइज
फिल्म की एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हुई। अलग-अलग शहरों और सिनेमाघरों में टिकट की कीमतों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। कई जगह सामान्य टिकट करीब ₹149 से उपलब्ध हैं, जबकि प्रीमियम स्क्रीन और चुनिंदा शोज के लिए दर्शकों को ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो नोएडा के डीएलएफ मॉल में रात के कुछ शोज के टिकट की कीमत करीब ₹1,800 तक पहुंचती दिखाई दे रही है। दूसरी ओर, मुंबई समेत कुछ अन्य शहरों में सामान्य शोज के टिकट लगभग ₹149 से ₹500 के बीच बताए जा रहे हैं।
पहले दिन कितनी कमाई कर सकती है फिल्म ?
टिकट बिक्री शुरू होने के साथ ही फिल्म के ओपनिंग कलेक्शन को लेकर भी अनुमान लगाए जाने लगे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ पहले दिन करीब ₹15-20 करोड़ का नेट कलेक्शन कर सकती है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा जैसे कलाकारों को अपने करियर की बड़ी ओपनिंग में से एक मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल इसे सिर्फ शुरुआती अनुमान माना जाना चाहिए। एडवांस बुकिंग अभी शुरू ही हुई है और रिलीज के करीब आने के साथ आंकड़ों में बदलाव संभव है।सीरीज की कहानी से कैसे जुड़ी है फिल्म ?
‘मिर्जापुर द मूवी’ की कहानी को सीरीज की टाइमलाइन में एक खास जगह पर रखा गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फिल्म की घटनाएं सीरीज के एपिसोड 6 और 7 के बीच की अवधि से जुड़ी हैं। अली फजल ने फिल्म में नए किरदारों की एंट्री का भी संकेत दिया है। इससे ‘मिर्जापुर’ की कहानी का दायरा और बढ़ सकता है। खास बात यह है कि इन नए किरदारों को आगे चलकर सीरीज की दुनिया में भी शामिल किए जाने की बात सामने आई है।

