Miss Universe India 2026: जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में केरल की 19 वर्षीय कैजिया लिज मैजो ने विजेता का ताज अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आईं 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कैजिया ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व और बेबाक जवाबों से निर्णायकों को प्रभावित किया। विजेता के नाम की घोषणा रात करीब 2:50 बजे की गई। इसके बाद मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मणिका विश्वकर्मा ने कैजिया को ताज पहनाया।
तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप रहीं।
अंतिम दौर में पांच प्रतिभागियों के बीच हुआ मुकाबला
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में पांच प्रतिभागियों ने अपनी जगह बनाई थी। इनमें केरल की कैजिया लिज मैजो, तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल थीं। आखिरी राउंड में सभी फाइनलिस्ट को 40 सेकेंड के भीतर अपनी क्लोजिंग रिमार्क प्रस्तुत करनी थी। प्रतिभागियों ने अपने जीवन के संघर्ष, भविष्य की सोच और मिस यूनिवर्स इंडिया के मंच तक पहुंचने के सफर को जवाबों में शामिल किया।

सुष्मिता सेन समेत दिग्गजों ने किया विजेता का चयन
सुष्मिता सेन समेत दिग्गजों ने किया विजेता का चयन मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के निर्णायक मंडल में अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के साथ सेलिना जेटली, उर्वशी रौतेला और फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं। सुष्मिता सेन ने वर्ष 1994 में मिस यूनिवर्स का वैश्विक खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। वहीं, सेलिना जेटली ने 2001 और उर्वशी रौतेला ने 2015 में मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था। समारोह में मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 की विजेता रिया सिंघा और 2025 की विजेता मणिका विश्वकर्मा भी मौजूद रहीं।
प्यूर्टो रिको में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी कैजिया
कैजिया के आत्मविश्वास और विचारों की स्पष्टता ने उन्हें अन्य प्रतिभागियों से आगे रखा। प्यूर्टो रिको में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी कैजिया मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद कैजिया लिज मैजो अब इस वर्ष के आखिर में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता के बाद उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। कैजिया के सामने अब दुनिया के विभिन्न देशों की प्रतिभागियों से मुकाबला करने और वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा को प्रस्तुत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

उर्वशी रौतेला की तिरंगा पोशाक बनी चर्चा का विषय
उर्वशी रौतेला की तिरंगा पोशाक बनी चर्चा का विषय ग्रैंड फिनाले के दौरान अभिनेत्री उर्वशी रौतेला अपनी तिरंगा थीम वाली पोशाक को लेकर सुर्खियों में रहीं। उनके आउटफिट में भारतीय तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंगों का खूबसूरत संयोजन दिखाई दिया। फैशन और ग्लैमर से सजे मंच पर उनकी पोशाक ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान खींचा। कई लोगों ने इसे देशभक्ति की भावना से जोड़कर देखा, जबकि ग्लैमर के मंच पर तिरंगे के रंगों वाली पोशाक के इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल भी उठाए गए।
जयपुर में दिखा संस्कृति और ग्लैमर का संगम
जयपुर में दिखा संस्कृति और ग्लैमर का संगम मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के आयोजन में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, जयपुर की मेहमाननवाजी और आधुनिक भारत के ग्लैमर का संगम देखने को मिला। समारोह में देश-दुनिया से जुड़े करीब 800 फैशन डिजाइनरों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बॉलीवुड और फैशन जगत की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। आयोजकों के अनुसार, इस मंच का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली युवतियों को अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना है।