Miss World 2026: मिस वर्ल्ड 2026 का ताज डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला के सिर सजा है। 5 सितंबर को वियतनाम में आयोजित प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में जोहेरी को विजेता घोषित किया गया। खिताब जीतने के बाद पिछले साल की मिस वर्ल्ड थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने उन्हें ताज पहनाया। ओपल सुचाता अपने देश की पहली मिस वर्ल्ड विजेता रही थीं। ग्रैंड फिनाले में स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस ने भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में जोहेरी मोला को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंतिम दौर में जोहेरी ने बढ़त बनाते हुए मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। एलिजाबेथ रेयनेस को फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया।
टॉप-6 में पहुंचीं छह प्रतियोगी
मिस वर्ल्ड 2026 के अंतिम चरण में छह देशों की प्रतियोगियों ने जगह बनाई थी। इनमें डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला, एरिट्रिया की स्निट हबटैब, वियतनाम की ले गुयेन बाओ एनगोक, मलेशिया की तानुसिया चेट्टी, स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस और साउथ अफ्रीका की रोमांडा होमबीर शामिल थीं। कड़े मुकाबले के बाद जोहेरी मोला ने सभी को पीछे छोड़ते हुए विजेता का ताज हासिल किया।
भारत की निकिता पोरवाल टॉप-20 में नहीं बना सकीं जगह
भारत का प्रतिनिधित्व निकिता पोरवाल ने किया था। हालांकि, प्रतियोगिता में उनका सफर टॉप-40 राउंड तक ही आगे बढ़ सका। वह टॉप-20 में जगह बनाने से चूक गईं और इसी के साथ मिस वर्ल्ड 2026 में उनका सफर समाप्त हो गया।एक्टिंग और थिएटर से जुड़ा रहा है निकिता का सफर
निकिता पोरवाल का संबंध भारतीय मनोरंजन जगत से भी रहा है। उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की पढ़ाई की है, जहां उन्होंने ड्रामेटिक्स और एक्टिंग में विशेषज्ञता हासिल की। साल 2018 में उन्होंने टीवी एंकर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी।
60 से ज्यादा नाटकों में कर चुकी हैं काम
निकिता पोरवाल अब तक 60 से ज्यादा नाटकों का हिस्सा रह चुकी हैं। थिएटर के साथ-साथ उन्होंने सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2024 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया मध्य प्रदेश का खिताब जीता और इसके बाद फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज भी अपने नाम किया था।

