Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आरक्षक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 33 वर्षीय जयप्रकाश गहिर के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम करबहाली के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश गहिर पिछले करीब 15 वर्षों से भरनी स्थित सीआरपीएफ कैंप में पदस्थ थे। शुक्रवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अचानक कैंप से लापता हो गए थे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
घरेलू विवाद के बाद घर से निकले थे
सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू के मुताबिक, जयप्रकाश शुक्रवार सुबह ड्यूटी समाप्त करने के बाद कैंप से निकल गए थे और अपने घर भी नहीं पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए और फिर वापस नहीं लौटे।
केंद्रीय विद्यालय के पास पेड़ पर मिला शव
बताया गया कि कुछ लोगों ने भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ पर आरक्षक का शव फांसी के फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे।पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी अंतिम निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। घरेलू विवाद समेत अन्य परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

