छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर एक महिला को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने AI तकनीक की मदद से महिला की तस्वीरों में छेड़छाड़ की और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, उसने महिला के पति की हत्या कराने और पति से तलाक लेने का दबाव भी बनाया। शिकायत मिलने के बाद छावनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को पीड़िता ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि रविन्द्र भारती नाम का युवक लगातार फोन कर उनसे 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोपी का कहना था कि यदि रकम नहीं दी गई तो AI की मदद से तैयार की गई एडिटेड तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड कर उनकी छवि खराब कर देगा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण महिला मानसिक तनाव में थी।
पति की हत्या और तलाक के लिए भी धमकाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनके पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके साथ ही वह लगातार महिला पर पति से तलाक लेने का दबाव बना रहा था। आरोपी की हरकतों से पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में जी रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने AI तकनीक का इस्तेमाल कर महिला की तस्वीरों को एडिट किया और उन्हीं तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने की योजना बनाई थी।मोबाइल और डिजिटल सबूत जब्त, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया का उपयोग कर किसी को ब्लैकमेल करना, बदनाम करना या धमकाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। यदि किसी व्यक्ति को AI से बनाई गई फोटो या वीडियो के जरिए डराकर पैसे मांगे जाएं या उन्हें वायरल करने की धमकी दी जाए, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।