Mungeli News: मुंगेली जिले के बरेला नगर पंचायत स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। कार्यक्रम की तैयारी के बीच सातवीं कक्षा का छात्र वैभव जायसवाल हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से छात्र बुरी तरह झुलस गया और उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है। फिलहाल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
3 सितंबर को दोपहर में हुई घटना
जानकारी के मुताबिक घटना 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे की है। स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान छात्र परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही छात्र गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
घटना के बाद घायल छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल परिसर में हाईटेंशन तार जैसी संवेदनशील व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई। परिजनों ने इसी लापरवाही को हादसे की वजह बताया है।शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल पहुंचकर की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा धृतलहरे ने स्कूल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली की ओर से माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में विद्यालय परिसर में आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कथित चूक और हाईटेंशन तार के आसपास विद्यार्थियों की मौजूदगी को गंभीरता से लिया गया है।
चार बिंदुओं पर मांगा गया जवाब
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से चार प्रमुख बिंदुओं पर जवाब मांगा है। इसमें सुरक्षा मानकों में चूक किस स्तर पर हुई, इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की गई, घायल छात्र के इलाज के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से क्या सहायता दी जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल एवं स्थायी सुरक्षा व्यवस्था के क्या कदम उठाए जाएंगे, इसकी जानकारी मांगी गई है।स्कूल प्रबंधन ने नोटिस का दिया जवाब
बीईओ विमित्रा धृतलहरे ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत कर दिया गया है। अब जवाब के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और उनके निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच जारी है। स्कूल परिसर में हाईटेंशन तार की स्थिति, विद्यार्थियों की मौजूदगी, कार्यक्रम के दौरान अपनाए गए सुरक्षा इंतजाम और स्कूल प्रबंधन की भूमिका को जांच के दायरे में रखा गया है। जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदारी तय होने और स्कूल के खिलाफ आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

