हत्याकांड : ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने पति-देवर संग मिलकर युवक की हत्या
कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव में खेत से बंद बोरी में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि मृतक 23 वर्षीय कोमल वर्मा का मंदाकिनी वर्मा से अवैध संबंध था, जिसके चलते वह उसे आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल कर रहा था।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेत में एक बंद बोरी से तेज दुर्गंध आने लगी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरी खोली तो अंदर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में शव की पहचान बैहरसरी गांव निवासी 23 वर्षीय कोमल वर्मा के रूप में हुई। बताया गया कि युवक 28 मई 2026 को घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा था। परिजनों ने अगले ही दिन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जब जांच को आगे बढ़ाया तो कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन खंगाली गई। इसमें सामने आया कि मृतक की लगातार बातचीत मंदाकिनी वर्मा से हो रही थी। इसी सुराग ने पुलिस को मुख्य संदिग्ध तक पहुंचा दिया और जांच का दायरा तेजी से बढ़ाया गया।
पूछताछ में महिला ने उगला सच
संदेह के आधार पर पुलिस ने मंदाकिनी वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि कोमल वर्मा उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था और वायरल करने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था। महिला के अनुसार, 28 मई की रात भी कोमल ने उसे दबाव में लिया। परेशान होकर उसने उसे अपने घर बुलाया। जैसे ही युवक घर पहुंचा, महिला ने घर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी पाना (सरिया मोड़ने वाले औजार) से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पति की एंट्री और हत्या की पूरी साजिश
घटना के दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी मौके पर जाग गया। उसे पूरी बात समझ आने के बाद उसने भी पत्नी का साथ दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर घायल कोमल वर्मा की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कुछ समय तक घर में छिपाकर रखा। अगले दिन 29 मई को महिला के पति ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद ली। दोनों ने शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से सोंढा गांव के खेत में फेंक दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस कार्रवाई: तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में रामस्नेही वर्मा, उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा और भाई रूपेश वर्मा शामिल हैं। सभी से पूछताछ जारी है। इधर, बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में भी प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। पहले गला दबाकर बेहोश किया गया, फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या को अंजाम दिया गया। यह मामला भी इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।