Namibia vs South Africa T20: नामीबिया ने अपनी घरेलू जमीन पर खेली जा रही टी20 ट्राई-सीरीज का आगाज शानदार जीत के साथ किया है। विंडहोक में खेले गए मुकाबले में नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को रोमांचक अंदाज में मात देकर टी20 इंटरनेशनल में उसके खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने 163 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर साउथ अफ्रीकी टीम को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। इस जीत के साथ एक खास आंकड़ा भी नामीबिया के पक्ष में रहा। टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका अब तक नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाया है।

फ्रायलिंक और स्टीनकैंप ने दिलाई मजबूत शुरुआत
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया को जान फ्रायलिंक और लौरें स्टीनकैंप ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले के छह ओवर में 57 रन जोड़ दिए। इसके बाद 10 ओवर पूरे होने तक टीम का स्कोर 84 रन तक पहुंच गया। फ्रायलिंक को 13 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, इसके बाद साउथ अफ्रीकी स्पिनरों ने वापसी कराई। कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 17 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि प्रेनेलन सुब्रायन ने 32 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। स्पिनरों के दबाव के चलते नामीबिया ने तेजी से विकेट गंवाए। टीम ने आखिरी नौ विकेट महज 79 रन के अंदर खो दिए और निर्धारित पारी में 163 रन ही बना सकी। साउथ अफ्रीका को गेंदबाजी के दौरान एक झटका भी लगा, जब तेज गेंदबाज लुथो सिपाम्ला दूसरे ओवर में हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान से बाहर चले गए।
नामीबिया के युवा गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नामीबिया के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिट जैसे अनुभवी गेंदबाजों के साथ 21 वर्षीय जैक ब्रासेल और महज 18 साल के मैक्स हिंगो ने भी प्रभावी गेंदबाजी की। उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं खेल सके। जॉर्डन हरमन, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और टोनी डी जोरजी के जल्दी आउट होने के बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर 39 रन पर तीन विकेट हो गया। शुरुआती झटकों ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं।
ब्रेविस ने अकेले संभाला मोर्चा
लगातार विकेट गिरने के बावजूद डेवाल्ड ब्रेविस ने हार नहीं मानी। 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर इस युवा बल्लेबाज ने शानदार आक्रामक पारी खेलते हुए साउथ अफ्रीका की उम्मीदें बनाए रखीं। ब्रेविस ने 50 गेंदों पर 75 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दबाव के बीच कई शानदार शॉट लगाए। उन्हें डेब्यू कर रहे डुआन यानसेन का कुछ साथ मिला, जिन्होंने 25 रन बनाए। दोनों ने टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, मैच के निर्णायक मोड़ पर रूबेन ट्रम्पेलमैन ने ब्रेविस को आउट कर दिया। उनके विकेट के साथ ही साउथ अफ्रीका की जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा और मुकाबला नामीबिया की पकड़ में आ गया।
आखिरी ओवरों में पलटा पूरा मैच
मुकाबले के अंतिम चरण में नामीबिया के गेंदबाजों ने दबाव पूरी तरह कायम रखा। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ तीन रन दिए और ब्योर्न फोर्टुइन का विकेट भी हासिल किया। इसके बाद आखिरी ओवर की जिम्मेदारी जेजे स्मिट ने संभाली। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटकाकर साउथ अफ्रीका की पारी का अंत कर दिया। इस तरह नामीबिया ने 163 रनों के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए साउथ अफ्रीका को हरा दिया। घरेलू मैदान पर मिली यह जीत ट्राई-सीरीज के लिहाज से नामीबिया के लिए शानदार शुरुआत रही, वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसका अजेय रिकॉर्ड भी बरकरार रहा।

