National West Zone Junior Athletics: 27 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 37वीं राष्ट्रीय वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ दल का चयन कर लिया गया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर में संचालित आवासीय एथलेटिक्स खेल अकादमी के 20 प्रतिभाशाली एथलीट छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके साथ ही अकादमी के प्रशिक्षक हिमांशु चंद्राकर को अंडर-18 बालक वर्ग के मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
6 राज्यों के 3000 एथलीट दिखाएंगे दम
छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन के चेयरमैन परविंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि इस वेस्ट जोन प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, गोवा और छत्तीसगढ़ सहित 6 राज्यों के लगभग 3000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ की ओर से कुल 105 सदस्यीय एथलीट दल मैदान में उतरेगा, जिसमें 65 बालक और 40 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। दल के साथ 20 कोच एवं मैनेजर भी गोवा रवाना होंगे।
रायपुर एथलेटिक्स अकादमी के 20 खिलाड़ी चयनित
अकादमी से चयनित खिलाड़ियों में सिद्धार्थ नागेश, ध्रुव विरेन्द्र, मनीष कुमार, संदीप कुमार, कृष्णपाल, अभिषेक, किरण ध्रुव, किरण पटेल, अनंत कुमार, पूनम, अंजली, मीनाक्षी, कुमकुम, निवेदिता, देविका यदु, अनंत कुमार, मुकुंद वर्मा, शौर्य अग्रवाल, निखिल वर्मा एवं अंश कुमार शामिल हैं।24 सितंबर को गोवा के लिए रवाना होगा छत्तीसगढ़ दल
प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ का पूरा दल 24 सितंबर को गोवा के लिए रवाना होगा। खेल विभाग, छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं खेल प्रेमियों ने चयनित सभी खिलाड़ियों और कोच को पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
