Paddy Procurement: बेमौसम बारिश और अर्णव व अकवान तूफान की मार के बाद अब धान कटाई की बढ़ती लागत और फसल से झड़ते दानों ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे हालात में किसान नेता पारसनाथ साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को न्योता दिया है कि वे स्वयं गांवों और खेतों तक पहुंचें, जमीनी हकीकत देखें और कर्जमाफी व राहत मुआवजे पर ठोस निर्णय लें।
कटाई और मिसाई की लागत बढ़ी, झड़ रहे धान के दाने
पारसनाथ साहू ने कहा कि लगातार बारिश और तूफानी प्रभाव के चलते खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे कटाई और मिसाई का खर्च पहले से कहीं ज्यादा हो गया है। कटाई के दौरान बालियों से दाने झड़कर जमीन पर गिर रहे हैं। इससे उपज का सीधा नुकसान हो रहा है और किसानों को अतिरिक्त मेहनत व लागत झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि अर्णव और अकवान तूफान से हुए नुकसान का वास्तविक प्रतिशत मौके पर जाकर आकलन कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत मिल सके।
धान खरीदी की प्रक्रिया सरल करने की मांग
किसान नेता ने धान खरीदी की जटिल व्यवस्थाओं को सरल बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार को टोकन प्रक्रिया आसान करनी चाहिए। जरूरत के मुताबिक प्रतिदिन की खरीदी सीमा में सुधार करना चाहिए और ओटीपी सिस्टम को फिर से लागू करना चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में बेवजह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।धान खरीदी के दौरान कर्ज वसूली पर लगे रोक
इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी के दौरान लिंकिंग के जरिए होने वाली कर्ज वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसानों से एकमुश्त पूरी वसूली करने के बजाय कुछ रकम उनके पास रहने दी जाए, ताकि वे कटाई का खर्च, मजदूरी और जरूरी उधारी चुका सकें।
खेतों और खरीदी केंद्रों तक पहुंचें मुख्यमंत्री
पारसनाथ साहू का मानना है कि दफ्तरों में बैठकर किसानों की वास्तविक परेशानी का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। जब मुख्यमंत्री स्वयं खेतों और खरीदी केंद्रों में पहुंचकर किसानों से संवाद करेंगे, तभी नुकसान और बढ़ती लागत की असली स्थिति सामने आएगी। इससे कर्जमाफी, मुआवजे और तत्काल आर्थिक सहायता को लेकर ठोस फैसला लेने में मदद मिलेगी।











