Parasia Car Accident: तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर मकान में घुसने से दर्दनाक हादसा हो गया। BMS ऑफिस के सामने हुए इस हादसे में कार सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग हबीब खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, कार तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार का एक हिस्सा ढह गया।
हादसे के समय घर में मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे वाहन में बैठे कुछ लोगों को बचाव मिला। हालांकि, हादसे की गंभीरता के कारण कई लोग घायल हो गए।
गमी कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि कार सवार परिवार एक गमी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे वापस लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक बुजुर्ग दंपती को लिफ्ट दे दी थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में हबीब खान की मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद अन्य यात्रियों और मकान में रहने वाले लोगों को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
