पीएम मोदी ने BJP की नई टीम संग किया मंथन, Gen Z-Gen Alpha तक पहुंच बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के साथ करीब साढ़े चार घंटे बैठक की। इसमें संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति और Gen Z व Gen Alpha तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
क
कीर्तिमान रिपोर्ट लक्ष्मी साहू
23 Aug 2026, 12:26 PM
नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई टीम घोषित किए जाने के बाद प्रधानमंत्री के साथ पदाधिकारियों की यह पहली मुलाकात थी। करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और खासकर युवाओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के साथ बैठक करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई जिम्मेदारी के लिए पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान चाय पर चर्चा हुई और कई पदाधिकारियों ने अपने विचार भी प्रधानमंत्री के सामने रखे। बैठक के बाद सभी पदाधिकारियों के साथ पीएम मोदी ने ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने पदाधिकारियों के साथ मिलेट्स से तैयार भोजन भी किया। इसके अलावा उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और शिवकुमार के साथ अलग-अलग चर्चा की। बताया जा रहा है कि नितिन नबीन के साथ हुई बातचीत में संसदीय बोर्ड से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़ने पर जोर
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने संगठन की बैठकों को नए विचारों और नजरिए के आदान-प्रदान का माध्यम बताते हुए पार्टी को मजबूत करने और जनता के साथ जुड़ाव बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी नए पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया। इसमें आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
चुनावी राज्यों की तैयारियों की होगी समीक्षा
भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अलग-अलग राज्यों के भाजपा अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और राज्य प्रभारियों के साथ चुनावी तैयारियों और संगठन की स्थिति की समीक्षा की जानी है। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सहित महत्वपूर्ण राज्यों पर विशेष चर्चा होने की बात कही गई है।
Gen Z और Gen Alpha तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी
भाजपा की रणनीति में युवा वर्ग को प्रमुख स्थान दिया गया है। नितिन नबीन ने नई टीम से युवाओं के साथ लगातार संवाद और संपर्क बढ़ाने को कहा है। इसके लिए 'युवा संवाद' जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की तैयारी है। पार्टी खास तौर पर नई पीढ़ी के युवाओं तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है। इसके लिए देशभर में वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग टीमें बनाए जाने की योजना है। भारतीय जनता युवा मोर्चा को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका दी जा सकती है। पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों को भी युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
स्मृति ईरानी और राम माधव की संगठन में वापसी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जबकि राम माधव की भी संगठनात्मक टीम में वापसी हुई है। कुल 65 पदाधिकारियों वाली इस टीम के जरिए पार्टी आने वाले चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
वंदे मातरम् को लेकर भी प्रस्ताव
बैठक में वंदे मातरम् से जुड़े राजनीतिक विवाद पर भी चर्चा हुई और भाजपा की ओर से प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी ने कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान और उसकी विरासत से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए पार्टी का पक्ष रखा। इसके साथ ही बैठक में संगठन, आगामी चुनाव और युवाओं से जुड़ाव जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। आने वाले दिनों में भाजपा की राज्य इकाइयों के साथ होने वाली बैठकों में इन रणनीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने की रूपरेखा और स्पष्ट होने की संभावना है।