समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के अंतर्गत पीएमश्री योजना के तहत शिक्षकों के क्षमता विकास के लिए 3 से 6 अगस्त 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) में चार दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रायपुर जिले से 11 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें पीएमश्री स्कूल भानसोज के धरमदास पाटिल और पीएमश्री स्कूल आरंग की पूर्णिमा साहू भी शामिल हैं।
आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान चयनित शिक्षकों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित नवाचार, प्रयोगात्मक शिक्षण, गतिविधि-आधारित शिक्षा और आधुनिक शिक्षण तकनीकों से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, प्रयोगात्मक गतिविधियां तथा नवाचार आधारित सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता और बेहतर हो सके।
2 अगस्त को रवाना होंगे चयनित शिक्षक
जिला मिशन समन्वयक अरुण कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी चयनित शिक्षक 2 अगस्त को पुणे के लिए रवाना होंगे। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पीएमश्री विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना है, ताकि विद्यार्थी आधुनिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों का लाभ प्राप्त कर सकें।
शिक्षा विभाग ने दी शुभकामनाएं
जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन तथा नोडल प्राचार्य ईला सेंगर ने सभी चयनित शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और नवाचार विद्यालयों में लागू किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होगा।
ये शिक्षक करेंगे राष्ट्रीय कार्यशाला में सहभागिता
रायपुर जिले से चयनित शिक्षकों में धरमदास पाटिल (पीएमश्री स्कूल भानसोज), पूर्णिमा साहू (पीएमश्री स्कूल आरंग), किरण भटनागर (पीएमश्री स्कूल निमोरा), भरत लाल कंदरा (पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला अभनपुर), कविता चक्रधारी (पीएमश्री स्कूल सोमवारी बाजार, नवापारा), नंदूराम निषाद (पीएमश्री स्कूल तीवरैया), कांति चौहान (बंजारी नगर, रावाभाटा), आभा बृजेश शुक्ला (पीएमश्री बुनियादी शाला, शंकर नगर, रायपुर), संतोषी ठाकुर (पीएमश्री स्कूल खरोरा), पंकज कुमार तिवारी (पीएमश्री स्कूल सिरवे) तथा स्वर्णलता मांडले (पीएमश्री प्राथमिक शाला सासाहोली) शामिल हैं।