जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए कबीरधाम पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पिपरिया थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5 किलो 579 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार 24 जून को पिपरिया थाना को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई गई। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने भारत माता चौक, पिपरिया में घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोक लिया।
तलाशी में मिला गांजा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम हुकमी चंद चंद्रवंशी, निवासी ग्राम कान्हाभैरा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलो 579 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 2.75 लाख रुपये मूल्य का गांजा, करीब 65 हजार रुपये की मोटरसाइकिल तथा 12 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया।
सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब उस सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, सहायक उप निरीक्षक डोमन बंजारे, मुकेश साहू तथा आरक्षक नरेंद्र चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
