दुर्ग जिले में एक महिला से पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग में निवेश और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में भिलाई नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर रकम वापस मांगने पर महिला को जान से मारने की धमकी देने और लगातार अवैध वसूली करने का भी आरोप है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही उसके बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच भी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा है कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी।
किस्तों में लिए 85 लाख रुपए
बातचीत के दौरान महिला ने अपने परिवार से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए सभी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने पूजा-पाठ कराने, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग समय में महिला से करीब 85 लाख रुपये ले लिए। दो साल बीत जाने के बाद भी न तो महिला को किसी तरह का लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब महिला ने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।इंदौर से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को धमकी देकर अवैध वसूली किए जाने के भी साक्ष्य मिले, जिसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं। भिलाई नगर थाना में धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस उसके वित्तीय लेनदेन और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है, ताकि ठगी से जुड़ी पूरी रकम और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।