प्रदेशव्यापी शाला प्रवेशोत्सव 16 जून से 30 जून तक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेलसोडा में शाला प्रवेशोत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-रोली लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संदीप दीवान तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
शिक्षा बच्चों के सपनों को देती है नई उड़ान
मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के सपनों को नई उड़ान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सांसद चौधरी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेश प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है और यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे।शिक्षा से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास की सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी है और बिना शिक्षा के विकसित भारत की कल्पना नहीं की जा सकती।
विधायक सिन्हा ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रमुख माध्यम है और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर विद्यार्थियों का भविष्य संवारें
अनुशासन और लगन से करें अध्ययन
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करें तथा अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास में अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण मंच भी है। उन्होंने बच्चों से जिज्ञासु बनने, नई चीजें सीखने और अपने भविष्य के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह
कलेक्टर ने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अध्ययन और खेलकूद पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, शिक्षा विभाग से संपा बोस, वाणी तिवारी, विद्यालय के प्राचार्य, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।