एमपी शिक्षा विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की गई एंट्री ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान से जुड़ा है। यहां प्राथमिक शाला मंगेली में करीब 15 साल पहले दिवंगत हो चुके एक शिक्षक का नाम पदस्थापना सूची में दर्ज कर दिया गया, जिससे मौजूदा शिक्षक को अतिशेष सूची में शामिल कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला मंगेली की स्थापना वर्ष 2011 में की गई थी। वर्तमान में स्कूल में लगभग 28 छात्र अध्ययनरत हैं और दो शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। बीते वर्ष दिसंबर 2025 में यहां पदस्थ शिक्षक बाला प्रसाद पटेल के चिकित्सा अवकाश पर जाने के बाद विद्यालय एक शिक्षकीय हो गया था। इसके बाद शॉर्ट टर्म के लिए अतिथि शिक्षक की व्यवस्था भी की गई थी।
पोर्टल पर मृत शिक्षक का नाम दर्ज होने से विवाद
मौजूदा शिक्षक का नाम अतिशेष सूची में शामिल
पोर्टल पर हुई इस गलती के कारण वर्तमान में पदस्थ शिक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी का नाम अतिशेष शिक्षकों की सूची में शामिल हो गया है। इससे उनकी पदस्थापना पर संकट खड़ा हो गया है और स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
पीड़ित शिक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर मांग की है कि पोर्टल से मृत शिक्षक का नाम तत्काल हटाया जाए और साथ ही उनका नाम अतिशेष सूची से विलोपित किया जाए, ताकि उनकी पदस्थापना सुरक्षित रह सके।