Raipur Ganesh Visarjan: गरुड़-वासुकी युद्ध से लेकर यमलोक पर रावण के हमले तक दिखे आकर्षक दृश्य, रातभर सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
Raipur Ganesh Visarjan: गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान शारदा चौक से महादेवघाट तक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पौराणिक कथाओं पर आधारित भव्य झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं तेज डीजे कंपन से छज्जा गिरने की घटना और भारी भीड़ के बीच पुलिस की व्यवस्थाएं भी चर्चा में रहीं।
प्रकाशित: 29 Sep 2026, 11:10 AM· 3 मिनट पढ़ने का समय
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Raipur Ganesh Visarjan: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के साथ उत्सव का माहौल चरम पर रहा। शारदा चौक से लेकर महादेवघाट तक निकाली गई झांकियों को देखने के लिए रातभर लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। खासकर जयस्तंभ चौक और आसपास के इलाकों में तो पैदल चलने तक की जगह नहीं बची थी।
पौराणिक कथाओं और जीवंत प्रसंगों ने मोहा मन
इस बार की झांकियों में धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को बेहद जीवंत रूप में पेश किया गया। विसर्जन यात्रा के दौरान वासुकी नाग और गरुड़ के बीच भीषण युद्ध पर आधारित झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। वहीं, एक अन्य झांकी में यमलोक पर रावण के हमले का भव्य दृश्य दर्शाया गया था, जिसे देख दर्शक दंग रह गए। इसके अलावा, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गरुड़ का घमंड तोड़ने वाला प्रसंग भी झांकी के जरिए बखूबी पेश किया गया।
तेज डीजे के कंपन से गिरा छत का छज्जा, बाल-बाल बचे लोग
उत्सव के उत्साह के बीच एक हादसा भी सामने आया। एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास बज रहे तेज डीजे और धुमाल के भारी वाइब्रेशन के कारण एक दुकान की छत का छज्जा अचानक नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के समय भी लोग तेज आवाज के बीच नाचने में व्यस्त थे, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करते दिखे। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय निवासी ने तेज आवाज वाले डीजे की पुलिस से शिकायत भी की थी, वहीं कई समितियां फिल्मी गानों की धुन पर थिरकती नजर आईं।
रातभर सड़कों पर उमड़ा जनसैलाबभीड़ में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने महिला को परिवार से मिलाया
रातभर झांकी मार्ग पर भारी भीड़ के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इसी बीच एक एंबुलेंस भीड़ के बीच फंस गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता देकर सुरक्षित निकाला। इसके अलावा, दुर्ग से झांकी देखने आई एक महिला अपने परिवार से बिछड़ गई थी। घबराई महिला पुलिस सहायता केंद्र पहुंची, जहां तैनात टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे वापस उसके परिजनों से सकुशल मिलाया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चेकिंग में शराब और कड़े जब्त
झांकी मार्ग पर किसी भी तरह के भारी या निजी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था। ट्रैफिक पुलिस की ओर से पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी गई थी। पूरे रास्ते पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही थी। हालांकि पुलिस ने डीजे और साउंड सिस्टम के लिए कड़े नियम बनाए थे, फिर भी कई जगह नियमों की अनदेखी देखने को मिली। उधर, तेलघानी नाका से शारदा चौक के बीच चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाशी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में लोहे के कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं।