Raipur Police Action: त्योहारों से पहले पुलिस ने 146 असामाजिक तत्वों पर की कार्रवाई, 14 भेजे गए जेल
Raipur Police Action: गणेशोत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 146 उपद्रवियों और संदिग्धों पर कानूनी कार्रवाई की गई।
क
कीर्तिमान न्यूज
14 Sep 2026, 01:27 PM
रायपुर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Raipur Police Action गणेशोत्सव और आने वाले त्यौहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर में अमन-चैन बनाए रखने के लिए अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अपनी नकेल कसना शुरू कर दिया है। शहर के कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण इलाकों में पुलिस ने एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कुल 146 उपद्रवियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई पश्चिम क्षेत्र में देखने को मिली, जहाँ बीते एक हफ्ते के भीतर 132 संदिग्धों और शातिर बदमाशों को दबोचा गया।
लंबे समय से फरार वारंटियों को भी किया गिरफ्तार
यह पूरा अभियान पुलिस उपायुक्त (DCP) रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl. DCP) राहुल देव शर्मा की अगुवाई में चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने चाकूबाजी करने वालों, अवैध हथियारों की तस्करी, शराब और नशीले पदार्थों के अवैध धंधे से जुड़े लोगों को खास तौर पर निशाने पर लिया। क्षेत्र में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामले दर्ज किए और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा।
(Image Source: Keertiman Media)क्षेत्रों में ताबड़तोड़ चेकिंग
शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने टिकरापारा, सरस्वती नगर, पुरानी बस्ती, कबीर नगर, डीडी नगर, मुजगहन, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और आमानाका थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने अपराधियों पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और बीएनएसएस (BNSS) की कड़ी धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं।
विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान
इसके अलावा, अकेले कबीर नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर नशा करने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत 212 चालानी कार्रवाई की गई। दूसरी तरफ, तिल्दा-नेवरा इलाके में भी पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला। 13 सितंबर को पुलिस ने पूरे इलाके में विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ऐसे 14 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे क्षेत्र में मारपीट, आपसी विवाद या शांति व्यवस्था बिगड़ने का पूरा अंदेशा था।
कार्रवाई कर कोर्ट में किया पेश
पुलिस ने इन सभी 14 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से जेल वारंट जारी होने के तुरंत बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि त्यौहारों के दौरान शहर में किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।