Rajpal Yadav Arrest Warrant: बॉलीवुड के जाने-माने हास्य अभिनेता राजपाल यादव पर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। चेक अनादरण (चेक बाउंस) से जुड़े एक पुराने मामले में लगातार अदालत में पेश न होने पर महू न्यायालय ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का सख्त आदेश दिया है। कोर्ट के इस कदम से अभिनेता की मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं। न्यायालय के मजिस्ट्रेट फरहान एम. कुरैशी ने यह आदेश पारित करते हुए मुंबई पुलिस को विशेष निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि आगामी पेशी से पहले राजपाल यादव को गिरफ्तार कर उनके सामने पेश किया जाए।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा कानूनी विवाद महू के रहने वाले प्रकाश जाजू की तरफ से दर्ज कराए गए एक मुकदमे से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, प्रकाश जाजू ने अभिनेता राजपाल यादव को 25 लाख रुपये दिए थे, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच एक अनुबंध (एग्रीमेंट) भी हुआ था। इस समझौते के तहत राजपाल यादव को तय समय सीमा के भीतर यह राशि लौटानी थी और इसके लिए उन्होंने कुछ पोस्ट-डेटेड चेक दिए थे। लेकिन, तय शर्तों के अनुसार समय पर भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद जब जाजू ने उन चेक को अपने बैंक में लगाया, तो वे पर्याप्त राशि या अन्य कारणों से बाउंस हो गए।
धारा 138 के तहत चल रहा है केस
चेक बाउंस होने के बाद फरियादी पक्ष की ओर से परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act, 1881) की धारा 138 के तहत महू न्यायालय में मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले की सुनवाई के दौरान आरोपित राजपाल यादव लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते कोर्ट ने अब यह कड़ा रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी करने का निर्णय लिया है।क्यों बढ़ गई सख्ती?
फरियादी प्रकाश जाजू की तरफ से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राधेश्याम अग्रवाल ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले अदालत से जमानती वारंट जारी हुआ था। उस दौरान राजपाल यादव ने मुंबई पुलिस के सामने पेश होकर यह भरोसा दिलाया था कि वे तय तारीख पर अदालत में हाजिर होकर अपनी जमानत करा लेंगे। हालांकि, अभिनेता ने न तो समय पर उपस्थिति दर्ज कराई और न ही अपनी जमानत प्रक्रिया पूरी की। इसी लापरवाही को देखते हुए न्यायालय ने यह सख्त आदेश जारी किया है। इस पूरे प्रकरण में अधिवक्ता राधेश्याम अग्रवाल के साथ-साथ अधिवक्ता अंकित विक्की परदेशी और अधिवक्ता अनुराग शर्मा भी पैरवी संभाल रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मुंबई पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और आगामी पेशी पर अभिनेता अदालत के सामने पेश होते हैं या नहीं।






