Red Velvet Pastry Recipe: अगर आप भी बेकरी स्टाइल रेड वेलवेट पेस्ट्री के शौकीन हैं, लेकिन घर में ओवन न होने या अंडे के इस्तेमाल से परहेज के कारण इसे बनाने से कतराते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। अब आपको अपने पसंदीदा Desert का मज़ा लेने के लिए बाज़ार जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। आप बेहद आसान तरीके से अपने घर की साधारण कढ़ाई में ही एकदम सॉफ्ट, स्पोंजी और मुंह में घुल जाने वाली रेड वेलवेट पेस्ट्री तैयार कर सकते हैं।
ज़रूरी सामग्री
पेस्ट्री बेस के लिए:
मैदा: 1 कप
कंडेंस्ड मिल्क: ½ कप
पिसी हुई चीनी: ¼ कप
बटर: 2 टेबलस्पून
रिफाइंड तेल: 2 टेबलस्पून
कोको पाउडर: 1 टीस्पून
बेकिंग पाउडर: 1 टीस्पून
बेकिंग सोडा: 1/3 टीस्पून
वैनिला एसेंस: ½ टीस्पून
शुगर सिरप: आवश्यकतानुसार
बटर मिल्क तैयार करने के लिए:
हल्का गरम दूध: 2/3 कप
विनेगर: 1 टीस्पून
पीला फ़ूड कलर: ¼ टीस्पून
लाल फ़ूड कलर: 1.5 टीस्पून
आइसिंग और सजावट के लिए:
ठंडी व्हिपिंग क्रीम: 1 कप
वैनिला एसेंस: ½ टीस्पून
पिसी हुई चीनी: 2 टेबलस्पून
बनाने की आसान विधि
- बटर मिल्क और कढ़ाई की तैयारी: सबसे पहले बटर मिल्क तैयार करने के लिए एक मग में हल्का गरम दूध लें। इसमें सिरका, पीला फ़ूड कलर और लाल फ़ूड कलर डालकर अच्छे से मिला लें और 5 से 7 मिनट के लिए अलग रख दें। विनेगर के कारण दूध थोड़ा जम (कर्डल) जाएगा। अब बैटर बनाने से पहले एक भारी तले की कढ़ाई लें। उसमें एक स्टैंड रखकर ढक दें और मध्यम आंच पर 10 मिनट के लिए प्रीहीट होने दें। साथ ही 6 इंच के राउंड केक मोल्ड में थोड़ा तेल लगाकर ग्रीस करें और तली में बटर पेपर बिछाकर उस पर भी तेल लगा लें।
- बैटर तैयार करना: एक बड़े बाउल में बटर, पिसी हुई चीनी, रिफाइंड तेल और कंडेंस्ड मिल्क डालकर हैण्ड विस्कर से अच्छी तरह फेंट लें। इसके बाद इसमें वैनिला एसेंस मिलाएं। अब बाउल पर छन्नी रखकर मैदा, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा को एक साथ छान लें। तैयार मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा करके बटर मिल्क डालते जाएं और मिलाते रहें, ताकि बैटर एकदम स्मूथ बने और उसमें गांठें (लंप्स) न रहें। अब इस बैटर को ग्रीस किए हुए मोल्ड में डालकर हल्का सा टैप (थपथपा) लें।
- बेक करने का तरीका: प्रीहीट की हुई कढ़ाई के स्टैंड पर मोल्ड को रखें। ढक्कन बंद करके धीमी आंच पर 40 से 50 मिनट तक बेक होने दें। लगभग 35-40 मिनट बाद एक टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक साफ बाहर आती है तो केक तैयार है। बेक होने के बाद गैस बंद करें और मोल्ड को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें।
- परफेक्ट आइसिंग और सजावट: क्रीम तैयार करने के लिए एक बाउल में ठंडी व्हिपिंग क्रीम, वैनिला एसेंस और पिसी हुई चीनी डालकर बीटर से तब तक फेंटें जब तक 'स्टिफ पीक्स' न बन जाएं (यानी क्रीम की मात्रा दोगुनी हो जाए और बाउल उल्टा करने पर भी न गिरे)। केक ठंडा होने पर मोल्ड के किनारों पर चाकू घुमाकर उसे प्लेट में निकाल लें और बटर पेपर हटा दें। केक की ऊपरी असमान परत को काटकर निकाल लें और उसे हाथों से मसलकर 'केक क्रम्ब्स' (चूरा) बना लें (यह सजावट के काम आएगा)। अब बाकी केक को तीन बराबर स्लाइस (लेयर्स) में काट लें।
- फाइनल असेंबलिंग: केक बोर्ड पर पहली स्लाइस रखें और उस पर चम्मच या ब्रश की मदद से शुगर सिरप लगाएं। इसके ऊपर क्रीम की लेयर फैलाएं। इसी प्रक्रिया को दूसरी और तीसरी लेयर के साथ दोहराएं। तीसरी लेयर रखने के बाद क्रीम को केक के टॉप और चारों तरफ (साइड्स) अच्छे से लगाकर कवर कर दें। अब तैयार किए गए केक क्रम्ब्स को केक के किनारों पर लगाएं। बची हुई क्रीम को पाइपिंग बैग और स्टार नोजल की मदद से भरकर केक के ऊपर छोटे-छोटे फूल बना लें। ऊपर से थोड़ा केक क्रम्ब्स और छिड़कें। पेस्ट्री को सेट होने के लिए आधे घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। तय समय बाद फ्रिज से निकालकर मनचाहे आकार की स्लाइस में काटें। आपकी बेकरी स्टाइल सॉफ्ट और स्पोंजी रेड वेलवेट पेस्ट्री परोसने के लिए तैयार है ।

