Rescue Operation: मुड़ना स्थित इंटकवेल में बाढ़ की चपेट में आने के कारण नगर पालिका के दो कर्मचारी तुलाराम रात्रे एवं हीरालाल पटेल कल दोपहर से इंटकवेल में फंस गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजू चंद्राकर एवं ग्रामीण भाजपा नेता मेहराज चंद्रसेन मौके पर पहुंचे।
राठी ने बताया कि भारी बारिश के चलते गंगरेल बांध गेट खोलने से अचानक जलस्तर बढ़ गया था। उन्होंने पालिका कर्मियों से फोन पर चर्चा कर उन्हें घबराने की जरूरत नहीं होने तथा उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जाने की जानकारी दी। दोनों कर्मचारियों के परिजनों से भी चर्चा की गई।
कर्मचारियों को निकाला सुरक्षित
एसडीएम से फोन पर चर्चा कर तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने का आग्रह किया गया। एक रेस्क्यू टीम सुबह पहुंची, लेकिन नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण आगे नहीं बढ़ पाई। इसके बाद दूसरी रेस्क्यू टीम पहुंची और लगभग शाम 4 बजे दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रही। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा दिल्ली प्रवास में होने के बावजूद लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में रहे। उनके प्रयासों से रेस्क्यू टीम तत्काल उपलब्ध कराई गई और दोनों कर्मचारियों को सुरक्षित इंटकवेल से बाहर लाया गया।
वार्डों में पानी की व्यवस्था करने निर्देश
राठी ने बताया कि नदी में बाढ़ आने के कारण इंटकवेल से फिल्टर प्लांट में पानी नहीं आ पाएगा। इसके चलते शहर की टंकियों में जलापूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी। जल प्रभारी को टैंकरों के माध्यम से वार्डों में पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को कम से कम असुविधा हो।
