Gold Jewellery Fraud: सोना-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर रकम देने और बाद में उन्हें वापस नहीं करने के मामले में महासमुंद जिले के सांकरा पुलिस ने श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के आभूषण गिरवी रखने के बाद वापस नहीं करने का आरोप है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोना और लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
2015 से चला रहा था सोना-चांदी गिरवी रखने का कारोबार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2015 से श्याम ज्वेलर्स, सांकरा के नाम से सोना-चांदी खरीदने और गिरवी रखने का व्यवसाय कर रहा था। इस दौरान ग्राहकों के आभूषण गिरवी रखकर उन्हें रकम दी जाती थी। आभूषणों, ब्याज और गिरवी संबंधी लेन-देन का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाता था। इस मामले में प्रार्थी शांतिलाल चौहान ने भी अपने सोने के आभूषण गिरवी रखकर रकम प्राप्त की थी। आरोप है कि निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी उन्हें अपने आभूषण वापस नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने थाना सांकरा में शिकायत दर्ज कराई।
गिरवी रखे सोने को गलाकर बेचने का आरोप
पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, आरोपी गिरवी रखे गए सोने को गलाकर बेच देता था। पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसी का फायदा उठाकर आरोपी गिरवी रखे गए सोने को बेच देता था और आभूषण गिरवी रखने वाले लोगों से मनमाने तरीके से सौदा करता था। पुलिस के मुताबिक, ग्राहकों को सोने की वास्तविक कीमत के अनुरूप रकम वापस नहीं की जाती थी।20 रजिस्टर और 7 कॉपियों समेत दस्तावेज जब्त
- विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज जब्त किए हैं। इनमें शामिल हैं—
- गिरवी रखे गए सोना-चांदी के आभूषणों का विवरण दर्ज 20 रजिस्टर।
- गिरवी संबंधी विवरण वाली 7 कॉपियां।
- 2 गिरवी रसीद बुक।
- एक सैमसंग गैलेक्सी S22 अल्ट्रा मोबाइल फोन, जिसमें एयरटेल और जियो कंपनी के सिम लगे हैं।
- साहूकार लाइसेंस और पंजीयन संबंधी दस्तावेज।
धारा 316(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के खिलाफ अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 3(5) में अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। जब्त रजिस्टर और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस गिरवी रखे गए आभूषणों तथा संबंधित लेन-देन का विवरण खंगाल रही है।











