रीवा में जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। बढ़ते जनआक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग के बीच पुलिस प्रशासन ने इस केस की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया है। यह टीम पूरे मामले की हर एंगल से जांच करेगी।
रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कलेक्ट्रेट के सामने 20 मई की सुबह एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो जैन साध्वियों की मौत हो गई थी। इस हादसे में आर्यिका श्रुतमति माताजी और उपशममति माताजी का निधन हो गया, जिससे पूरे जैन समाज में शोक की लहर फैल गई।
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया था। घटना का वीडियो फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद इसे केवल सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि संभावित साजिश के एंगल से भी देखा जाने लगा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व एडिशनल एसपी ग्रामीण संदीप मिश्रा कर रहे हैं। टीम में कुल 10 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए हैं, जो पूरे मामले की गहराई से जांच करेंगे।
SIT में शामिल प्रमुख अधिकारी
गठित SIT में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए हैं, जिनमें—
- सीएसपी, सिविल लाइन
- टीआई विजय सिंह बघेल (सिविल लाइन)
- टीआई हितेंद्र नाथ शर्मा (विश्वविद्यालय थाना)
- ट्रैफिक इंचार्ज अनीमा शर्मा
- एसआई दलजीत सिंह
- साइबर सेल से एसआई गौरव मिश्रा
- एमटी शाखा प्रभारी सूबेदार सुगम चतुर्वेदी
- प्रधान आरक्षक त्रिदेव तिवारी
- आरक्षक अंशुमान सोनी
यह टीम घटना के सभी तकनीकी, प्रत्यक्ष और डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी।
प्रत्यक्षदर्शी के आवेदन पर हुई SIT की मांग
इस मामले में प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक जैन द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग तेज हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने SIT गठन का निर्णय लिया। जैन समाज का कहना है कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि गंभीर जांच का विषय है। घटना के बाद जैन समाज सहित विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। इसी क्रम में राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग नगर में भी जैन समाज और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। समाजजनों ने मौन रैली निकालकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। रैली गणेश चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए थाना परिसर तक पहुंची।जांच पर टिकी निगाहें
अब पूरा मामला SIT की जांच पर टिका है। पुलिस टीम को उम्मीद है कि तकनीकी और साक्ष्यों के आधार पर मामले की सच्चाई जल्द सामने आएगी। वहीं, समाज लगातार निष्पक्ष और तेज कार्रवाई की मांग कर रहा है।
