Road Accident News: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन (बोलेरो) की जोरदार टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी यात्री
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। वे नेशनल हाईवे-53 के रास्ते यात्रा कर रहे थे, तभी पिंपलगांव सड़क के पास यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक में फंसे पिकअप वाहन को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत
भंडारा के पुलिस अधीक्षक नरुल हसन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 8 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुए 3 लोगों को इलाज के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
