कोरबा शहर के वार्ड क्रमांक 40 पाड़ीमार में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत मौजूद रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा में सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम कोरबा द्वारा संचालित विकास कार्यों के तहत बालको जोन के पाड़ीमार क्रमांक-01 क्षेत्र में करीब 25 लाख रुपये की लागत से सड़क का डामरीकरण कराया जा रहा है। यह सड़क राजेश ठाकुर के निवास से शुरू होकर बरगद चौक होते हुए इंदिरा मार्केट के मुख्य मार्ग तक बनाई जाएगी।
निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न योजनाओं और मदों के तहत लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इनमें से कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि अनेक कार्य अभी प्रगति पर हैं और कुछ योजनाओं का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
15 करोड़ रुपये से होंगे सड़क निर्माण कार्य
सभी वार्डों में बिना भेदभाव के हो रहे कार्य
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से कोरबा में विकास कार्यों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि हर क्षेत्र के नागरिकों को समान सुविधाएं मिल सकें। महापौर ने कहा कि कोरबा की जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस भरोसे को कायम रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित कई समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम जारी रहेगा।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, सत्येन्द्र दुबे, रजत खुंटे, मंगलराम बंदे, चेतन सिंह मैत्री, चंदादेवी रत्नाकर, तरुण राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश मनोज सिंह, जय कुमार राठौर, प्रीति स्वर्णकार, रेणु प्रसाद, दीपक चन्द्रा, लखन चन्द्रा, हेमलता निर्मलकर, सहायक अभियंता मोतीलाल बरेठ, अंजूलता तिग्गा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।