राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी इलाके में रविवार सुबह एक 26 वर्षीय विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान दुर्गा साहू (26) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब पांच साल पहले कार्तिक साहू (28) से हुई थी, जो एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कलेक्शन का काम करता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शादी के कई साल बाद भी दंपती की संतान नहीं थी। इसी वजह से परिवार में अक्सर तनाव की स्थिति बनती थी, जिससे महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी।
घर में अकेली थी विवाहिता
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब घर के अन्य सदस्य बाहर थे, उसी दौरान दुर्गा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। कुछ समय बाद परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।पुलिस द्वारा जांच जारी
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।