शासकीय हाई स्कूल बकतरा में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत शासन की सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है।
साइकिल वितरण कार्यक्रम में ग्राम बकतरा की सरपंच देवकी टंडन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष गजाधर बैस ने की। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, सदस्य मलिक राम पटेल एवं मिथिलेश पटेल सहित विद्यालय की प्राचार्य के. वी. रेवती, साइकिल वितरण प्रभारी माधवेंद्र राव भोंसले, शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
शिक्षा और अनुशासन का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में आसानी होगी और वे अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से जारी रख सकेंगी।छात्राओं ने जताया शासन का आभार
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने शासन की इस योजना के लिए आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से आवागमन की समस्या दूर होगी और पढ़ाई में भी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन एवं साइकिल वितरण कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, समिति सदस्यों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।