भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। ऐसे में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और मौसमी फलों का सहारा ले रहे हैं। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों और फलों के ठेलों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। दोपहर के समय बाजारों और मुख्य मार्गों पर राहगीर गला तर करने के लिए जगह-जगह रुककर शीतल पेय का सेवन करते नजर आ रहे हैं।
गर्मी के मौसम में उपयोग होने वाले फलों की मांग अचानक बढ़ गई है। तरबूज, खरबूज, आम, लिची, केला, सेव, अनानास और ककड़ी जैसे फलों की बिक्री में इन दिनों भारी इजाफा देखा जा रहा है। फल विक्रेताओं का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहक फलों की खरीदारी कर रहे हैं। खासतौर पर पानी से भरपूर फलों की मांग सबसे अधिक बनी हुई है, क्योंकि लोग शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले फलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
गन्ना रस, लस्सी और छांछ की दुकानों पर उमड़ रही भीड़
गर्मी बढ़ने के साथ ही गन्ने के रस, छांछ, लस्सी, ऑरेंज लेमन और अन्य शीतल पेय पदार्थों की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में लगी दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। विशेष रूप से केसर लस्सी और ठंडी छांछ लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण लोग बार-बार ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। आइसक्रीम पार्लरों में भी इन दिनों ग्राहकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पार्लर संचालकों के मुताबिक अमूल सहित कई बड़े ब्रांड के फैमिली पैक आइसक्रीम की मांग तेजी से बढ़ी है। दिन के साथ-साथ रात के समय भी परिवार और युवा आइसक्रीम का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। बच्चों में चॉकलेट और बटरस्कॉच फ्लेवर की मांग अधिक देखी जा रही है।नींबू और ककड़ी से लोग रख रहे खुद को तरोताजा
भीषण गर्मी में लोग स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए नींबू पानी और ककड़ी का भी भरपूर सेवन कर रहे हैं। सड़क किनारे नींबू पानी की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद लोग शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
गर्मी के मौसम ने जहां आम लोगों की परेशानी बढ़ाई है, वहीं फल विक्रेताओं और ठंडे पेय पदार्थ बेचने वाले व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है और यदि गर्मी का असर इसी तरह बना रहा तो आने वाले दिनों में कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है।
