दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को लगातार परेशान करने और गंभीर धमकियां देने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी रियाज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता के अनुसार आरोपी काफी समय से उसका पीछा कर रहा था। वह कई बार रास्ता रोककर उससे बातचीत करने की कोशिश करता और मानसिक रूप से परेशान करता था। आरोप है कि उसने लड़की को एक मोबाइल फोन देकर जबरन संपर्क में रहने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके पिता की हत्या करने और पीड़िता के चेहरे पर तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं।
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
इन घटनाओं के कारण नाबालिग लगातार भय और तनाव में रह रही थी। लगातार बढ़ते दबाव और धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार जामुल थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले भी आरोपी की हरकतों को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। इस बार शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। दुर्ग शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल थाने में मिली शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।