छत्तीसगढ़ के ग्राम टोकरो में तालाब किनारे मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) पिता जलसिंग सिदार निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट ऑफिस शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। परमेश्वर पिछले करीब छह महीने से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में काम कर रहा था।
संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव
मंगलवार को तालाब के पास परमेश्वर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव मिलने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई और हर संभावित पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी।
पूछताछ में पत्नी पर हुआ शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक की पत्नी तिजिया सिदार (26 वर्ष) की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी तिजिया सिदार ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन घरेलू विवाद करता था। लगातार विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।गला घोंटकर हत्या करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने साड़ी से गला घोंटकर अपने पति परमेश्वर सिदार की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद मामले को छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की जांच में पूरी घटना का खुलासा हो गया।
हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
अभनपुर पुलिस ने आरोपी तिजिया सिदार पति स्वर्गीय परमेश्वर सिदार, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा), हाल मुकाम ग्राम टोकरो, थाना अभनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभनपुर थाने में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है।दो दिन में सुलझा अंधा कत्ल
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। अभनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह अंधा कत्ल महज दो दिनों में सुलझ गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और जांच आगे भी जारी है।