Share Market: दुनियाभर के शेयर बाजारों में जारी बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई, लेकिन आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बाजार की दिशा बदल दी। शुरुआती गिरावट से उबरते हुए सेंसेक्स 229 अंक की बढ़त के साथ 83,250 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 25,500 के ऊपर कारोबार करता नजर आया।
IT शेयरों में खरीदारी से बाजार को मिला सहारा
शुक्रवार को आईटी सेक्टर के शेयरों में व्यापक खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी IT इंडेक्स के सभी शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहे थे। कोफोर्ज, एलटीआईमाइंडट्री (LTM), एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स और एम्फैसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। इन कंपनियों के शेयर करीब 2.5 से 3 प्रतिशत तक चढ़े।
सुबह 10:55 बजे: सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में IT कंपनियां
सुबह 10:55 बजे तक सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में टीसीएस और टेक महिंद्रा शामिल रहे। टीसीएस में 2.65 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 2.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इंफोसिस करीब 1.92 प्रतिशत और एचसीएल टेक 1.79 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे। इस दौरान निफ्टी करीब 30 अंक की बढ़त के साथ 25,545 के स्तर पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली, निवेशकों की बढ़ी चिंता
शुक्रवार, 20 नवंबर को एशियाई शेयर बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 4.54 प्रतिशत गिर गया, जबकि टॉपिक्स में 2.75 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4.74 प्रतिशत टूट गया। वहीं हैंग सेंग फ्यूचर्स में 0.2 प्रतिशत की गिरावट रही। MSCI एशिया-प्रशांत सूचकांक भी करीब 1 प्रतिशत नीचे आ गया।निफ्टी सेंसेक्स और निफ्टी क्या हैं?
सेंसेक्स (Sensex)
सेंसेक्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख शेयर बाजार सूचकांक है। इसमें देश की 30 बड़ी और प्रमुख कंपनियां शामिल होती हैं। - सेंसेक्स बढ़ता है तो इसका मतलब है कि इन कंपनियों के शेयरों में कुल मिलाकर तेजी है। - सेंसेक्स गिरता है तो इसका मतलब है कि इन कंपनियों के शेयरों में कुल मिलाकर कमजोरी है।
उदाहरण: अगर सेंसेक्स 500 अंक चढ़ता है, तो इसका मतलब है कि सेंसेक्स में शामिल कंपनियों के शेयरों के प्रदर्शन के आधार पर सूचकांक में 500 अंकों की बढ़त हुई है
निफ्टी (Nifty)
निफ्टी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का प्रमुख शेयर बाजार सूचकांक है। निफ्टी 50 में देश की 50 बड़ी कंपनियां शामिल होती हैं। - निफ्टी बढ़ता है तो बाजार में कुल मिलाकर तेजी का संकेत मिलता है। - निफ्टी गिरता है तो बाजार में कमजोरी का संकेत मिलता है।
उदाहरण: अगर निफ्टी 200 अंक गिरता है, तो इसका मतलब है कि निफ्टी 50 में शामिल कंपनियों के शेयरों के प्रदर्शन के आधार पर सूचकांक नीचे आया है।
अमेरिकी बाजारों में भी जारी रही बिकवाली
गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में लगातार बिकवाली देखने को मिली। निवेशकों के बीच इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि एआई कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ समय से जारी तेज उछाल की रफ्तार अब कमजोर पड़ सकती है।












