शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों का असर सेंसेक्स और निफ्टी पर देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा फिसला, जबकि निफ्टी 24,600 के स्तर से नीचे चला गया।
सुबह करीब 9:25 बजे सेंसेक्स 229.65 अंक यानी 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ 78,725.11 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 32.55 अंक यानी 0.13 फीसदी कमजोर होकर 24,603.45 के स्तर पर था। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 373.76 अंक की बढ़त के साथ 78,954.76 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 11.35 अंक चढ़कर 24,636 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 18 शेयरों में ेकमजोरी
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 18 के शेयर गिरावट के साथ खुले। बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा करीब 3.44 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, इटरनल, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, मारुति और पावरग्रिड समेत कई शेयरों पर दबाव देखने को मिला।
इन शेयरों में दिखी तेजी
कमजोर बाजार के बीच कुछ कंपनियों के शेयरों ने बढ़त बनाई। टाइटन, सन फार्मा, बीईएल, टीसीएस, एनटीपीसी और एशियन पेंट्स के शेयर शुरुआती कारोबार में तेजी के साथ खुले। इससे बाजार की गिरावट कुछ हद तक सीमित रही।
LIC के शेयरों में करीब 2 फीसदी उछाल
बाजार की गिरावट के बीच LIC के शेयरों में करीब 2 फीसदी की तेजी देखने को मिली। जून तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहने का असर शेयर पर दिखाई दिया। पिछले कारोबारी सत्र में LIC का शेयर 387.55 रुपये पर बंद हुआ था और शुक्रवार को 393.25 रुपये पर खुला।कारोबार में शेयर 397 रुपये तक पहुंचा
शुरुआती कारोबार में शेयर 397 रुपये तक पहुंच गया। मुख्य सूचकांकों में कमजोरी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में हल्की तेजी रही। निफ्टी मिडकैप करीब 0.2 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 0.07 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इससे संकेत मिला कि बाजार में बिकवाली सभी हिस्सों में एक समान नहीं थी।
कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई चिंता
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान से जुड़े घटनाक्रम को लेकर बढ़ी अनिश्चितता का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा। तेल की कीमतों में एक फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई। महंगा कच्चा तेल भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए चिंता बढ़ा सकता है और इसका असर निवेशकों की धारणा पर भी देखने को मिला।IT मजबूत,PSU बैंक कमजोर
सेक्टर के हिसाब से निफ्टी IT इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, निफ्टी PSU बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में कमजोरी देखने को मिली। अलग-अलग सेक्टरों के प्रदर्शन में अंतर के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा।